India News (इंडिया न्यूज़), Manmohan Singh Birthday: देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के जन्मदिन के मौके पर पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह को फोन पर बात कर जन्मदिन की बधाई दी है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थी। 1932 में पंजाब के गाह गांव में जन्म लिए मनमोहन सिंह मंगलवार को 91 साल के हो गए। बता दें कि मनमोहन सिंह दस साल तक (2004 से 2014) देश के प्रधानमंत्री रहे हैं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर मनमोहन सिंह के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए लिखा कि , ”पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।”

उनके कार्य शब्दों से अधिक बोलते हैं

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर मैं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। वह राजनीति में सादगी, गरिमा और शालीनता का एक दुर्लभ उदाहरण हैं। एक सच्चे राजनेता प्रधानमंत्री, जिनके कार्य उनके शब्दों से अधिक बोलते हैं, हम राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के लिए हमेशा आभारी हैं। उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबे जीवन की कामना करता हूं।”

लोकतंत्र के प्रति अटूट समर्पण

वहीं दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बधाई देते हुए कहा कि हमारे देश, संविधान और लोकतंत्र के प्रति आपका अटूट समर्पण और प्रतिबद्धता हम सभी को प्रेरित करती रहती है। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबे जीवन की कामना करता हूं।

राहुल गांधी ने दी बधाई

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ”पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की सत्यनिष्ठा तथा राष्ट्र निर्माण और जनता के आर्थिक उत्थान के प्रति अटूट प्रतिबद्धता मेरे लिए सदैव प्रेरणा बनी रहेगी। उनके जन्मदिन पर उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करता हूं।”

Also Read: