PM Modi On Middle East War: ईरान और इजराइल-अमेरिका युद्ध का असर पूरी दुनिया पर दिखने लगा है. भारत में भी कई मामलों को लेकर इन दिनों चिंता बढ़ी हुई है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मिडिल ईस्ट के हालात पर फिक्र जाहिर की है. केरल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने संतोष जताया कि खाड़ी देश भी भारतीय लोगों का खास ख्याल रख रहे हैं. उन्होंने कहा कि वेस्ट एशिया में जो कुछ हो रहा है, उससे आप सभी का चिंतित होना बहुत स्वाभाविक है. हमारे लाखों भाई-बहन वहां काम करते हैं. जब भी हमारा कोई देशवासी संकट में पड़ता है तो हमारी सरकार उसे सुरक्षित बचाने के लिए पूरी ताकत लगा देती है.
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज का भारत अपने नागरिकों को संकट में अकेला नहीं छोड़ता है. आज भी हमारा प्रयास है कि युद्ध की हालत में फंसे भारतीयों को सुरक्षा मिले, हरसंभव सुविधा मिले. इसके अलावा पीएम ने खाड़ी देशों का भी आभार जताया जो विषम परिस्थिति में फंसे लोगों की मदद करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारें भी हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं. मैं उन सभी सरकारों का आभारी हूं.
कांग्रेस संकट में भी राजनीति ढूंढ रही है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि वहां हर देश में हमारे जो दूतावास हैं, हमारे मिशन हैं, वे 24/7 उनकी मदद कर रहे हैं. किसी को भी खाना-पीना चाहिए, मेडिकल हेल्प चाहिए, रहने की जगह चाहिए या कानूनी मदद चाहिए, तो इसे सुनिश्चित किया जा रहा है. लेकिन यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस इतने बड़े वैश्विक संकट में भी राजनीति ढूंढ रही है.
‘युद्ध ने हमें आत्मनिर्भरता का महत्व फिर से समझाया’
इस दौरान पीएम मोदी ने यह भी कहा कि गल्फ में चल रहे युद्ध ने हमें आत्मनिर्भरता का महत्व फिर से समझाया है. एनर्जी हो या अन्य सेक्टर भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रहा है. आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है. ये हमने कोरोना के दौर में देखा है. यूक्रेन संकट के दौरान देखा है और वर्तमान संकट ने एक बार फिर से सिद्ध किया है कि आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है.
दुबई में एक भारतीय हमले में हुआ घायल- विदेश मंत्रालय
बता दें कि बुधवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि स्थिति पर नजर रखने के लिए 24 घंटे मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है. गल्फ देशों में बड़ी तादाद में भारतीय समुदाय है. पीएम मोदी ने गल्फ देशों के कई नेताओं से बात की है. हम अपने नागरिकों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं. विदेश मंत्रालय का कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहा है. आज दुबई में एक भारतीय घायल हुआ है, उसका इलाज जारी है.