India News (इंडिया न्यूज), PM Modi On Stalin : तमिलनाडु पहुंचे पीएम मोदी ने रविवार को भाषा विवाद को लेकर सीएम एमके स्टालिन पर बड़ा हमला बोला। पीएम ने कहा कि वह अपने पत्रों पर तमिल में नहीं, बल्कि अंग्रेजी में हस्ताक्षर करते हैं। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने राज्य को यूपीए सरकार से ज्यादा फंड मुहैया कराया है, लेकिन कुछ लोग इसका रोना रोते रहते हैं. एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, 2014 से मोदी सरकार में हमने तमिलनाडु के विकास के लिए यूपीए सरकार से तीन गुना ज्यादा फंड मुहैया कराया है। उस समय डीएमके यूपीए गठबंधन का हिस्सा थी।
तमिलनाडु का रेल बजट भी सात गुना बढ़ा है। कुछ लोगों को बिना वजह रोने की आदत है, वे इस पर रोते रहते हैं। यह टिप्पणी मुख्यमंत्री एमके स्टालिन द्वारा पीएम मोदी को शिक्षा कोष जारी करने के लिए लिखे गए पत्रों का संदर्भ था। दरअसल, साल 2024 में स्टालिन ने प्रधानमंत्री को 15 पन्नों का ज्ञापन भी भेजा था, जिसमें चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के लिए केंद्रीय कोष, शिक्षा योजना के फंड जारी करने और श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिल मछुआरों की गिरफ्तारी का समाधान मांगा गया था।
‘अंग्रेजी में हस्ताक्षर करते हैं’
पीएम मोदी ने केंद्र सरकार और स्टालिन सरकार के बीच चल रहे भाषा विवाद पर भी कटाक्ष किया। पीएम मोदी ने डीएमके नेताओं को अंग्रेजी में पत्र लिखने पर फटकार लगाई। एमके स्टालिन की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि ‘तमिलनाडु के ये मंत्री अपनी भाषा पर गर्व करने की बात करते हैं, लेकिन मुझे हमेशा अंग्रेजी में पत्र लिखते हैं और अंग्रेजी में ही हस्ताक्षर भी करते हैं। वे तमिल भाषा का इस्तेमाल क्यों नहीं करते? उनका तमिल गौरव कहां है?’।
इसके अलावा पीएम मोदी ने यह भी बताया कि, 2014 से पहले तमिलनाडु को हर साल अपने रेल बजट में केवल ₹900 करोड़ मिलते थे। आप सभी जानते हैं कि उस समय यूपीए गठबंधन में मुख्य नेता कौन था। आज तमिलनाडु का रेल बजट ₹6,000 करोड़ से अधिक है।
पीएम ने न्यू पंबन ब्रिज का किया उद्घाटन
रामनवमी के खास मौके पर पीएम मोदी ने तमिलनाडु के रामेश्वरम में ऐतिहासिक न्यू पंबन ब्रिज का उद्घाटन किया। यह ब्रिज भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट सी ब्रिज है, जो समुद्र के ऊपर बना है। इस ब्रिज के जरिए समुद्री यातायात में सुधार होगा और लोगों को यात्रा करने में भी आसानी होगी। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, इस नए पंबन ब्रिज का निर्माण आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके किया गया है।
इस ब्रिज की खासियत यह है कि यह वर्टिकल लिफ्ट तकनीक पर आधारित है, जिसे बड़े जहाजों के समुद्र से गुजरने पर ऊपर उठाया जा सकता है। इससे न सिर्फ तमिलनाडु में यात्रा आसान होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।