रांची में तेज आंधी-बारिश का कहर: राजधानी रांची में सोमवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. तेज हवा और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति देखने को मिली. इसी दौरान कडरू मेन रोड स्थित स्काईलाइन बिल्डिंग के नीचे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया.
अचानक नीचे गिरा रूफटॉप
दरअसल कडरू मेन रोड पर स्थित सोरोस बार के ओपन रूफटॉप में लगा बड़ा शेड तेज हवा की वजह से अचानक नीचे गिर गया. घटना के दौरान वहां मौजूद लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. मौके पर मौजूद फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तेज हवा के तेज झोंके के साथ ही शेड अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ता है और लोग इधर-उधर भागते नजर आते हैं.
इस घटना में जहां कई लोग बाल-बाल बच गए, वहीं नीचे खड़ी कुछ गाड़ियां शेड गिरने से क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
रांची में तेज आंधी-बारिश का कहर: कडरू मेन रोड पर सोरोस बार का रूफटॉप शेड गिरा, बाल-बाल बचे लोग; कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त pic.twitter.com/4OzUBWZVL1
— Divyanshi Singh (@DivyanshiS8913) March 16, 2026
किसी के घायल होने की सूचना नहीं
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज हवा के कारण यह हादसा हुआ. फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है.