64
Samruddhi Expressway Traffic Block: देश के बड़े एक्सप्रेसवे में से एक अगले 10 दिनों के लिए टेक्निकल अपडेट और ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाने के लिए बंद रहेगा. महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MSRDC) ने हाईवे ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम पर चल रहे काम को पूरा करने के लिए समृद्धि हाईवे पर 10 दिनों के लिए टेम्पररी ट्रैफिक ब्लॉक की घोषणा की है. ड्राइवरों और यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा उसी हिसाब से प्लान करें. यह ट्रैफिक ब्लॉक 9 से 18 फरवरी तक लागू रहेगा.
क्या हैं स्टेट रोड कॉर्पोरेशन का कहना?
स्टेट रोड कॉर्पोरेशन के मुताबिक, समृद्धि एक्सप्रेसवे जालना जिले में बलहुधना-लोनार, देउलगांव राजा और सिंधखेड़ राजा रूट के km 300.4 और km 365.8 के बीच ब्लॉक रहेगा. यह ट्रैफिक ब्लॉक 9 से 18 फरवरी तक रहेगा. इस दौरान, स्पीड पर नजर रखने, ट्रैफिक नियमों को लागू करने, दुर्घटनाओं की रिपोर्ट करने और इमरजेंसी सेवाओं द्वारा तुरंत रिस्पॉन्स पक्का करने के लिए समृद्धि हाईवे ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत गैंट्री लगाई जाएंगी.
10 फेज में पूरा होगा काम
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर काम 10 फेज़ में किया जाएगा, हर फेज के दौरान हाईवे का एक हिस्सा कुछ समय के लिए बंद रहेगा. मुंबई या नागपुर की ओर जाने वाला ट्रैफिक एक बार में 50-60 मिनट के लिए पूरी तरह से रोक दिया जाएगा. हर फेज पूरा होने के बाद ट्रैफिक फिर से शुरू हो जाएगा. हाईवे पर गैन्ट्री के कुल 21 फेज की योजना है.
यात्रियों के लिए क्या ऑप्शन हैं, और इन बदलावों के क्या फायदे हैं?
- संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की प्लानिंग करें.
- जब भी हो सके दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें.
- सुरक्षा के लिए, हाईवे अधिकारियों और ट्रैफिक कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें.
- यह अपडेट बेहतर स्पीड मॉनिटरिंग और एक्सीडेंट रिपोर्टिंग के जरिए हाईवे सुरक्षा को बढ़ाएगा.
- इमरजेंसी रिस्पॉन्स टाइम तेज़ होगा.
- लंबे समय में, यात्रियों के लिए समृद्धि हाईवे पर यात्रा करना आसान और सुरक्षित हो जाएगा.
MSRDC और ट्रैफिक अधिकारियों ने इस दौरान यात्रियों से सहयोग की अपील की है ताकि काम सुरक्षित और समय पर पूरा हो सके.
समृद्धि एक्सप्रेसवे की खास बातें क्या हैं?
यह एक्सप्रेसवे मुंबई को नागपुर से जोड़ता है और इसे देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे में से एक माना जाता है. 701 किलोमीटर लंबा यह महाराष्ट्र का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे भी है. अभी इसे छह लेन का बनाया गया है, जिसे बाद में आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है. इसकी चौड़ाई समतल इलाकों में 120 मीटर और पहाड़ी इलाकों में 90 मीटर है. मुंबई से नागपुर का सफर पहले लगभग 16 घंटे का होता था, लेकिन अब इसमें सिर्फ़ सात से आठ घंटे लगते हैं. यह देश का पहला एक्सप्रेसवे है जिसकी मैक्सिमम स्पीड 150 किलोमीटर प्रति घंटा है.