Vijay TVK Promises for Women: तमिलनाडु की राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने वाले थलपति विजय अब पूरी तरह चुनावी मोड में हैं. शनिवार को मामल्लापुरम में ‘इंटरनेशनल विमेंस डे’ के मौके पर उन्होंने महिलाओं के लिए वादों का पिटारा खोल दिया. विजय की पार्टी तमिलागा वेत्री कझगम (TVK) ने साफ कर दिया है कि अगर वे सत्ता में आते हैं, तो महिलाओं की आर्थिक आजादी और सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी.
विजय ने ‘अन्नापुरानी सुपर सिक्स स्कीम’ का एलान किया, जिसके तहत हर परिवार को साल में 6 LPG सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे. इसके अलावा, सरकारी कर्मचारियों को छोड़कर सभी महिलाओं को 60 साल की उम्र तक ₹2,500 की मासिक वित्तीय सहायता देने का भी भरोसा दिलाया. बच्चों की पढ़ाई बीच में न छूटे, इसके लिए उन्होंने ‘कामराजार कालवी उरुथी थिट्टम’ योजना पेश की. इसके तहत हर मां या अभिभावक को सालाना 15,000 की मदद दी जाएगी, ताकि राज्य में ‘जीरो ड्रॉपआउट’ का लक्ष्य हासिल किया जा सके.
सुरक्षा और सम्मान के लिए ‘रानी वेलु नाचियार’ यूनिट
सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं, विजय ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी कड़े तेवर दिखाए:
- जीरो टॉलरेंस: महिलाओं के खिलाफ अपराध पर कोई समझौता नहीं.
- स्पेशल यूनिट: पुलिस में एक खास ‘रानी वेलु नाचियार’ यूनिट बनाई जाएगी.
- फास्ट-ट्रैक कोर्ट: मामलों के जल्द निपटारे के लिए विशेष अदालतों का गठन.
- स्मार्ट सुरक्षा: पब्लिक ट्रांसपोर्ट में पैनिक बटन और बसों में फ्री सफर की सुविधा.
इतना ही नहीं, घर में नए मेहमान (बच्चे) के आने पर सरकार की ओर से सोने की अंगूठी और बेबी वेलकम किट देने का वादा भी उन्होंने किया है.
पत्नी संगीता से तलाक की कानूनी लड़ाई
एक तरफ जहाँ विजय करोड़ों महिलाओं के भविष्य को संवारने के वादे कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी अपनी निजी जिंदगी एक नाजुक मोड़ पर है। विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम के बीच शादी के 25 साल बाद अलगाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है. ताजा अपडेट के मुताबिक, संगीता ने चेंगलपट्टू जिला अदालत में तलाक की अर्जी दी है। 1999 में शादी के बंधन में बंधे इस जोड़े की कानूनी कार्यवाही स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत चल रही है. संगीता, जो एक ब्रिटिश नागरिक हैं, उन्होंने कोर्ट से अंतरिम राहत के तौर पर चेन्नई स्थित अपने ससुराल (कैसुरीना ड्राइव) में रहने की अनुमति मांगी है। उन्होंने दलील दी है कि फिलहाल भारत में उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा ठिकाना नहीं है.