इंडिया न्यूज, नई दिल्ली, (Weather Today Update) पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में एक बार फिर बर्फबारी के आसार हैं जिसके कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिन में पहाड़ों पर दोबारा हिमपात होने की संभावना है जिससे पहाड़ी राज्यों के अलावा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व उत्तर प्रदेश सहित हरियाणा-पंजाब में भी ठंड के बढ़ने के आसार हैं। वहीं दक्षिणी राज्यों में मध्यम व भारी बारिश का अनुमान है।
दिल्ली में भी लगातार ठंड में इजाफा होने लगा है और मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन में तापमान में और गिरावट का अनुमान है। इसी के साथ हवा में प्रदूषण का स्तर और बिगड़ने की संभावना है। आज सुबह राजधानी में कुछ जगहों पर धुंध छाई रही। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी लहर के चलते अगले 4-5 दिन में तमिलनाडु, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक और केरल में छिटपुट से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बिहार में अब से अगले कुछ घंटों में तापमान गिरने की संभावना है। 48 घंटे में राज्य में पारा दो से चार डिग्री तक कम हो सकता है। राज्य के अलग-अलग शहरों में न्यूनतम तापमान मौजूदा समय में 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में तीन दिसंबर तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं उत्तराखंड में दो दिन मौसम शुष्क रहेगा। हिमाचल प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार तीन दिसंबर के बाद ही प्रदेश में बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि बीते कुछ साल में नवंबर में बहुत कम बारिश दर्ज की जा रही है।
ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी व बारिश तो जरूर हुई, पर अन्य क्षेत्रों में यह सामान्य से कम रही है और इसका असर फसल पर देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार राजय के पहाड़ी इलाकों में तापमान दो डिग्री तक नीचे जा सकता है। इसके अलावा पहाड़ों में पाला पड़ने के आसार हैं। राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान कल 25.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री रहा।
यह भी पढ़ें – उत्तर प्रदेश: बहराइच में बड़ा सड़क हादसा, 6 की मौत