Today Weather News 08 April 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे भारत के मौसम का मिजाज बदला हुआ है. उत्तर भारत और दक्षिण भारत के साथ-साथ मध्य भारत में भी मौसम थोड़ा नरम पड़ा है. गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली है. इस बीच उत्तर भारत में अगले 24-48 घंटे अहम होने वाले है. यहां पर लोगों को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के साथ वज्रपात की स्थिति से भी रूबरू होना पड़ा सकता है. केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलावा हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, एक और चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी भारत में बना रहा है. इसके असर से बुधवार (08 अप्रैल, 2026) को ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश की संभावना है. इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में आगामी 5 दिनों के दौरान दिन का तापमान सामान्य से कम या फिर सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. वीकेंड तक धीरे-धीरे सामान्य से ऊपर होने की संभावना है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) के ताजा अलर्ट के मुताबिक, पश्चिमी हिमाचल क्षेत्र में फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव है. इसके चलते आगामी 12-24 घंटे के दौरान भी कश्मीर घाटी के अलावा पर्वतीय राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बुधवार (08 अप्रैल, 2026) को मध्यम स्तर से लेकर भारी बारिश का अलर्ट IMD की ओर से जारी है. IMD ने बुधवार को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आ सकता है.
कहां-कहां होगी बारिश?
IMD के वैज्ञानिकों के ताजा पूर्वानुमान में बताया गया है कि देश की राजधानी दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा और पंजाब के अलावा उत्तर व पूर्व राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है. इन राज्यों में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है. मौसम विभाग के इस अलर्ट से उत्तर भारत के लाखों किसानों की चिंता बढ़ गई है. इससे पहले यूपी में भारी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को काफी नुकसान हो चुका है. पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर पहाड़ों पर पड़ेगा. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, केंद्र जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बुधवार (8 अप्रैल, 2026) हल्की से मध्यम बारिश बारिश के साथ बर्फ पड़ने की भी संभावना है.
दक्षिण भारत में भी बारिश की चेतावनी जारी
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों पर स्थित है. इसके प्रभाव से बुधवार (8 अप्रैल, 2026) को तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में भी छिटपुट बारिश और गरज-चमक की संभावना है. तेलंगाना के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। उधर, उत्तरी मध्य प्रदेश, झारखंड के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी बुधवार को बारिश की चेतावनी है. एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर 3.1 किमी ऊंचाई पर बना हुआ है. इसके असर से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश होगी.
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
स्काईमेट वेदर के अनुसार, एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर स्थित है. इसके चलते पूर्वी राजस्थान में 8 अप्रैल को छिटपुट स्थानों से लेकर काफी बड़े इलाके तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ आंधी चलने और बिजली चमकने का नजारा भी देखने को मिल सकता है. इसके अलावा कुछ जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार और शाम तक तेज झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी हवाएं चल सकती हैं.
J&K, हिमाचल और उत्तराखंड में क्या होगी तेज बारिश?
पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ों पर अधिक पड़ेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ-साथ हल्की बर्फबारी भी बुधवार को देखने को मिल सकती है. कश्मीर घाटी में धीमी बारिश जबकि पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश में 8 अप्रैल को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. शिमला मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश के मद्देनजर चेतावनी जारी करते हुए लोगों से मौसम का मिजाज देखते हुए यात्रा प्लान करने की सलाह दी गई है.
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में 8 अप्रैल को तेज बारिश हो सकती है. पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, सोलन में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी है, जबकि मंडी, कुल्लू, शिमला, कांगड़ा, लाहौल और स्पीति इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली और एनसीआर के शहरों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. अगले 24 घंटे तक नजर आएगा. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्रा्म, पलवल, सोनीपत, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और नूंह में भी बारिश की चेतावनी IMD की ओर से जारी की गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति पर पहुंच सकती है.
यूपी में क्या होगी तेज बारिश?
पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी में बारिश के चलते बुरा हाल है. मौसम विभाग के मुताबिक, 8 और 9 अप्रैल को भी यूपी के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. बारिश का दौर 8 और 9 अप्रैल को राजधानी लखनऊ के अलावा पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर, पीलीभीत, मोरादाबाद, पीलीभीत, सीतापुर, बाराबंकी, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, मुजफ्फरनगर, ज्योतिबाफुले नगर में नजर आएगा. इसके अलावा कानपुर, प्रतापगढ़, बांदा और बरेली, संभल, बुलंदशहर, लखनऊ, कन्नौज के अलावा फतेहपुर में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
बिहार के किन जिलों में होगी तेज बारिश
उधर, यूपी से सटे बिहार में 8 अप्रैल, 2026 को मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, पटना, नालंदा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, अररिया और कटिहार में भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई जिलों में तेज बारिश का भी अलर्ट जारी है.