UPSC Success Story: भारत के गांवों से निकलकर बड़े सपने देखने और उन्हें सच करने की कई प्रेरणादायक कहानियां सामने आती रहती हैं. ऐसी ही एक प्रेरक कहानी पंजाब के पटियाला जिले की नाभा तहसील के बिररहवाल गांव की रहने वाली सिमरनदीप कौर (Simrandeep Kaur) की है, जिन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 15 हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन कर दिया है.
सिमरनदीप कौर के लिए यह सफलता आसान नहीं थी. उन्होंने बताया कि यह उनका चौथा प्रयास था. इससे पहले तीन बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी. आखिरकार उनकी लगन और धैर्य ने रंग दिखाया और वह देश के टॉप उम्मीदवारों में शामिल हो गईं.
खालसा कॉलेज से की पढ़ाई, पहले ही पास कर चुकी थीं UGC-NET
सिमरनदीप ने पटियाला के खालसा कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और पोस्टग्रेजुएशन किया है. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से पहचान बना ली थी. कॉलेज के प्रिंसिपल धरमिंदर सिंह उभा के मुताबिक सिमरनदीप हमेशा से ही मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रही हैं. उन्होंने पहले ही UGC-NET परीक्षा भी पास कर ली थी. प्रिंसिपल ने कहा कि सिमरनदीप की यह सफलता न केवल कॉलेज के छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी, बल्कि पूरे पटियाला जिले के लिए गर्व का विषय है.
गांव की समस्याओं को समझकर करना चाहती हैं काम
सिमरनदीप का बचपन गांव के माहौल में बीता है, इसलिए वह ग्रामीण जीवन की चुनौतियों को करीब से समझती हैं. उन्होंने अपनी सफलता के बाद कहा कि वह गांवों के विकास के लिए काम करना चाहती हैं और ग्रामीण समुदायों की जिंदगी बेहतर बनाने का सपना रखती हैं. उनका मानना है कि अगर प्रशासनिक स्तर पर सही फैसले लिए जाएं तो गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर पैदा किए जा सकते हैं.
किसान पिता की मेहनत और परिवार का समर्थन बना ताकत
सिमरनदीप के पिता कुलदीप सिंह एक किसान हैं. बेटी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद गर्व महसूस कर रहा है. भावुक होकर उन्होंने कहा कि एक किसान की बेटी का देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में इतनी बड़ी रैंक हासिल करना पूरे गांव के लिए गर्व की बात है. परिवार अब अमृतसर जाकर श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने और इस सफलता के लिए ईश्वर का धन्यवाद करने की योजना बना रहा है.
गांव की बेटियों के लिए बनी मिसाल
सिमरनदीप कौर की यह सफलता सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उन हजारों ग्रामीण बच्चों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं. उनकी कहानी यह साबित करती है कि मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.