Holi Eye Care Tips: होली, यह त्योहार अपने रंग-बिरंगे अंदाज के लिए मशहूर है. लाल, पीला, हरा, नीला- हर तरफ रंग ही रंग नजर आता है. लेकिन इसी रंगीन उत्सव में हमारी आंखें और त्वचा अक्सर जोखिम में पड़ जाती हैं. खासकर आंखों के अंदर रंग चला जाना गंभीर समस्या पैदा कर सकता है. इससे आई इंफेक्शन, कंजंक्टिवाइटिस और आंखों में जलन जैसी परेशानियां हो सकती हैं.
आई स्पेशलिस्ट की सलाह है कि होली खेलते समय कुछ खास सावधानियां अपनानी चाहिए. इसमें प्रोटेक्टिव चश्मा पहनना, आंखें न रगड़ना और रंग लगे हुए हिस्सों को तुरंत धोना शामिल है. इन सरल कदमों से आप रंगों का मजा बिना किसी स्वास्थ्य जोखिम के ले सकते हैं.
गुलाल और वॉटरकलर दोनों से खतरा
सिर्फ गुलाल ही नहीं, बल्कि वॉटरकलर भी आंखों के लिए खतरनाक हो सकता है. गहरे और चमकदार रंगों में पाए जाने वाले पिगमेंट कॉर्निया को प्रभावित कर सकते हैं. अक्सर लोग आंखों में रंग जाने पर उसे मसलते हैं, जिससे खरोंच और गंभीर समस्या पैदा हो सकती है.
सिंथेटिक रंग और खतरे
बाजार में मिलने वाले अधिकांश रंग सिंथेटिक केमिकल्स से बने होते हैं. ये रंग आंखों के भीतर जाने पर जलन, लालिमा और एलर्जी पैदा कर सकते हैं. रंगों के छोटे-छोटे कण आंखों की नाजुक सतह को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
आंखों के लिए सुरक्षा जरूरी क्यों?
आंख की बाहरी परत बेहद नाजुक होती है. हल्का सा केमिकल एक्सपोजर भी जलन और एलर्जी पैदा कर सकता है. अगर रंग आंखों में लंबे समय तक रहे, तो कंजंक्टिवाइटिस, सूजन और धुंधला दिखना जैसी समस्याएं हो सकती हैं.कॉन्टैक्ट लेंस यूज करने वाले लोगों को विशेष सावधानी रखनी चाहिए, क्योंकि रंग लेंस में फंस सकता है और जोखिम बढ़ा सकता है.
होली पर अपनाएं ये आई-सेफ्टी टिप्स
- प्रोटेक्टिव चश्मा या सनग्लास पहनें स्टाइल के साथ-साथ यह आंखों को रंगों से बचाता है.
- आंखों को न रगड़ें रगड़ने से कॉर्निया पर खरोंच और जलन बढ़ सकती है.
- साफ पानी से तुरंत धोएं आंखों को 10-15 मिनट तक धीरे-धीरे धोने से रंग बाहर निकल जाता है.
- कॉन्टैक्ट लेंस से बचें, होली के दिन चश्मा ज्यादा सुरक्षित विकल्प है.
- तेज केमिकल वाले रंगों से दूरी बनाएं क्योंकि हर्बल और ऑर्गेनिक रंग आंखों के लिए बेहतर हैं.
- जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से मिलें लगातार लालिमा, जलन, दर्द या धुंधलापन होने पर तुरंत आई स्पेशलिस्ट से सलाह लें.