Summer Tips: इस साल मार्च के महीने की शुरुआत से ही मई-जून की तरह लू लपट वाली गर्मी थपेड़े मारने लगी है. ऐसे में सबके मन में एक ही सवाल है कि आखिर इस गर्मी के प्रकोप से कैसे बचा जाए. अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो आज हम यहां पर न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर के कुछ नुस्खे बताने वाले हैं, जो आपको गर्मी की मार से बचा सकते हैं. विशेषज्ञों की मानें, तो गर्मियों में खुद को बचाना बहुत जरूरी है, वरना आप हीटस्ट्रोक, थकान और पेट की बीमारियों से ग्रसित हो सकते हैं. रुजुता दिवेकर की मानें, तो उनकी बताई गई टिप्स उन महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद होते हैं, जिन्हें पीरियड्स आने में देरी हो जाती है.
गर्मियों में रामबाण है नारियल पानी
रुजुता दिवेकर का कहना है कि गर्मी के मौसम में शरीर का पानी सूखने लगता है. इसके कारण जल्दी ही सुस्ती लगने लगती है. इससे बचने के लिए दोपहर 12 बजे से पहले एक गिलास नारियल पानी जरूर पीना चाहिए. आपको एक गिलास नारियल पानी में एक चम्मच सब्जा सीड्स मिलाकर पीना चाहिए. ये आपके शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेट रखने के साथ ही पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखता है.
Don’t let the March heat get to you. These 3 simple tips will keep you cool.#food #home #tips pic.twitter.com/iLADtcUa3m
— Rujuta Diwekar (@RujutaDiwekar) March 12, 2026
दही और छाछ का करें सेवन
लंच में आपको खाने के साथ ही दही और छाछ लेना चाहिए. इसमें फ्रेश भुना हुआ जीरा पाउडर डालना चाहिए. रुजुता दिवेकर के अनुसार, जीरा और दही दोनों की तासीर ठंडी होती है. ये आपके पेट की गर्मी को ठंडा रखता है.
करें केले का सेवन
गर्मियों के मौसम में शाम के समय या डिनर करने के बाद एक केला जरूर खाना चाहिए. केला पेट की समस्याओं का दुश्मन माना जाता है. इसमें इलेक्ट्रोलाइट्स पाए जाते हैं, जो पेट को हल्का रखने के साथ ही पेट साफ रखने में भी मददगार होता है.
महिलाओं के लिए फायदेमंद
रुजुता दिवेकर का कहना है कि उनके द्वारा बताए गए टिप्स महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद होते हैं, खासकर उन महिलाओं के लिए जिन्हें पेरिमेनोपॉज या मेनोपॉज के फेज में हैं. उनका मानना है कि इस दौरान हार्मोनल बदलाव होता है, जिसके कारण पाचन धीमा हो जाता है और पेट में गैस बनना आम हो जाता है. ऐसे में ऊपर दिए गए उपाय आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकते हैं.