IND vs NZ 2nd ODI Live Score: IND vs NZ 2nd ODI: भारत बनाम न्यूजीलैंड के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 284 रन बनाए. न्यूजीलैंड ने इस स्कोर को 7 विकेट रहते हासिल कर लिया.
भारत की ओर से रोहित शर्मा और शुभमन गिल पारी की शुरुआत करने उतरे थे. रोहित शर्मा सिर्फ 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 53 गेंदों पर 56 रनों की पारी खेली. इसके अलावा शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली सिर्फ 23 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि श्रेयस अय्यर 17 गेंदों पर 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे. ऐसे में टीम इंडिया मुश्किल में पड़ गई थी, लेकिन फिर केएल राहुल ने मोर्चा संभाला. केएल राहुल ने एक छोर पर अपना विकेट बचा कर रखा और खेल को आगे बढ़ाते रहे.
राहुल ने पहले रवींद्र जडेजा के साथ 88 गेंदों पर 73 रनों की साझेदारी की. फिर नीतीश रेड्डी के साथ 49 गेंदों पर 57 रनों की पार्टनरशिप की. आखिरी में केएल राहुल ने मोहम्मद सिराज के साथ 16 गेंदों पर 28 रनों की साझेदारी की, जिसमें सिराज ने 2 रन बनाए. केएल राहुल पारी के आखिरी गेंद तक क्रीज पर जमे रहे. उन्होंने 92 गेंदों पर 112 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली. राहुल ने अपने वनडे करियर का 8वां शतक लगाया.
वहीं, न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस्टियन क्लार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. इसके अलावा कप्तान ब्रेसवेल, जैक फोक्स, जेडन लेनक्स और काइल जेमिसन ने 1-1 विकेट चटकाए. अब न्यूजीलैंड की टीम को यह मुकाबला जीतने के लिए 285 रनों की जरूरत थी. जिसे न्यूजीलैंड ने डैरिल मिचेल के शतक और विल यंग के 87 रन की पारी के दम पर आसानी से हासिल कर लिया. सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई है.
भारत की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11:डेवन कॉनवे, हेनरी निकल्स, विल यंग, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जैक फोक्स, जेडन लेनोक्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जेमिसन.