Resume/Retry Booking: भारतीय रेलवे समय-समय पर खुद को अपग्रेड करता रहता है. हाल ही में IRCTC ने रेल में यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक बेहतरीन फीचर निकाला है. अक्सर कुछ लोगों को ट्रेन की टिकट बुक करते हुए बुकिंग फेल हो जाती है. इसके चलते कई लोगों का पैसा ब्लॉक भी हो जाता है. इस झंझट को पूरी तरह से खत्म करने के लिए IRCTC Resume/Retry Booking फीचर लेकर आया है. इस फीचर से अब यात्रियों को टिकट बुक करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा.
रेल यात्रा को किफायती बनाने के लिए भारतीय रेलवे द्वारा लॉन्च किया गया यह फीचर कितने काम का साबित होता है यह देखने वाली बात है. चलिए समझते हैं आखिर क्या है Resume/Retry Booking और आप इसे कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं.
क्या है Resume/Retry Booking फीचर?
IRCTC द्वारा निकाला गया Resume/Retry Booking फीचर खासतौर पर इस मकसद के साथ निकाला गया है कि यात्री को टिकट बुक करते समय पेमेंट और बुकिंग में किसी समस्या का सामना न करना पड़े. दरअसल, पहले कई लोगो के ऐप या वेबसाइट से टिकट करने पर बुकिंग फेल हो (How to Book Railway Ticket) जाती थी, लेकिन यात्री के खाते से पैसे कट जाते थे. लेकिन, यह पैसा रेलवे तक नहीं पहुंचता था. ऐसे में यात्री को टिकट नहीं मिल पाता था. हालांकि, पैसे एक से दो दिनों के भीतर खाते में फिर से आ जाते थे, लेकिन कुछ लोगों के पैसे भी इसके चलते फंस जाते थे.
बुकिंग फेल होने पर दोबारा कर सकेंगे टिकट
भारतीय रेलवे ने बुकिंग फेल होने को एक बड़ी परेशानी समझते हुए यात्रियों को राहत दे दी है. अब अगर आप टिकट कर रहे हैं और पैसा कट जाता है या बुकिंग कैंसल हो जाती है और उस पैसे को लेकर रेलवे का कोई रिस्पॉन्स नहीं आता है तो आप Resume/Retry Booking पर क्लिक करके उसी पैसे में अन्य बुकिंग कर सकते हैं. लेकिन, आपकी टिकट की रकम पहले जितनी ही होनी चाहिए.
पेमेंट के लिए कर सकेंगे इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल
Resume/Retry Booking फीचर का इस्तेमाल करने के लिए आप UPI, नेट बैंकिंग, वॉलेट, प्री-पेड कार्ड, ऑटोपे, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड आदि जैसे कई पेमेंट मोड्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आपका टिकट इनसे पेमेंट करने के बाद कंफर्म नहीं हुआ तो आप इस फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं.