Chamba Rajma Recipe: चंबा राजमा हिमाचल प्रदेश के चंबा क्षेत्र का प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन है. यह डिश इतनी लजीज होती है कि हिमाचल प्रदेश के सभी सामूहिक भोजों में यह जरूर बनता है.
एक्ट्रेस यामी गौतम ने भी कई इंटरव्यू में चंबा राजमा को अपनी फेवरेट डिश बताया है. आज मैं आपके लिए लेकर आई हूं चंबा राजमा की आसान रेसिपी. जब आप इसे घर बनाएंगे तो यकीन मानिये हर कोई आपकी कुकिंग का फैन हो जायेगा.
आवश्यक सामग्री (4 सदस्यों के लिए)
चंबा राजमा (या लाल राजमा) – 1 कप
दही (फुल क्रीम) – 1 कप
देशी घी – 3 बड़े चम्मच
प्याज (बारीक कटा) – 1 मध्यम
अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
हरी मिर्च (कटी) – 2
हल्दी पाउडर – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच
गरम मसाला – ½ छोटा चम्मच
तेजपत्ता – 1
जीरा – 1 छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
नमक – स्वादानुसार
धनिया पत्ती – सजाने के लिए
चावल का आटा (गाढ़ा करने के लिए) – 1 छोटा चम्मच (वैकल्पिक)
बनाने की विधि
राजमा को अच्छे से धोकर 6-8 घंटे या रात भर पानी में भिगो दें.
सुबह प्रेशर कुकर में भिगोए राजमा, 2.5 कप पानी, 1 तेजपत्ता, 1 इंच दालचीनी, 2 लौंग और नमक डालें. मध्यम आंच पर 15-16 सीटी लगाएं जब तक राजमा पूरी तरह नरम न हो जाए.
ग्रेवी तैयार करना
दही को अच्छे से फेंट लें. इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और थोड़ा नमक मिलाकर रखें. कढ़ाई में 2 चम्मच घी गरम करें. जीरा तड़काएं, फिर प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट भूनें.
राजमा मिलाना
भुने प्याज में दही का मिश्रण धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाते रहें ताकि दही न फटे. ग्रेवी गाढ़ी होने पर उबले राजमा (पानी सहित) डालें. अच्छे से मिलाएं. गरम मसाला, धनिया पत्ती डालकर 10-12 मिनट धीमी आंच पर पकाएं.
तड़का और सर्विंग
अलग पैन में 1 चम्मच घी गरम करें. हींग, लाल मिर्च और शाहजीरा तड़का लगाकर राजमा में डालें. 5 मिनट और पकाएं. गाढ़ा करने के लिए चावल का आटा घोलकर मिलाएं. ताजा धनिया से गार्निश करके गर्म चावल या रोटी के साथ सर्व करें.
विशेष टिप्स:
- चंबा राजमा में देसी घी का इस्तेमाल स्वाद बढ़ाता है.
- दही को हमेशा फेंटकर धीरे डालें वरना ग्रेवी फट सकती है.