Maharashtra Bus Driver Viral Video: महाराष्ट्र के एक बस डिपो से सामने आया एक दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है. यह वीडियो एक रिटायर होने वाले स्टेट ट्रांसपोर्ट ड्राइवर की विदाई का है, जो भावुक कर देने वाला तो है ही, साथ ही चेहरे पर एक मुस्कान भी ले आता है. वीडियो में दो बुजुर्ग सहकर्मी एक ऐसा पल साझा करते दिख रहे हैं, जो बचपन की बेफिक्र दोस्ती की याद दिला देता है. इसमें एक दोस्त अपने रिटायर होने वाले साथी को अपने कंधों पर उठाकर डिपो में ऐसे घूम रहा है, जैसे कोई छोटा बच्चा अपने यार के साथ खेल रहा हो.
कंधों पर सवार यह शख्स सालों तक बस के पहिए थामे अनगिनत मुसाफिरों को उनकी मंजिल तक पहुंचाता रहा. लेकिन डिपो में उनकी पहचान सिर्फ एक ड्राइवर की नहीं थी. उनके साथी उन्हें उनकी जिंदादिली, हमेशा खिलखिलाते चेहरे और दूसरों के प्रति उनके दयालु स्वभाव के लिए जानते हैं. नौकरी के आखिरी दिन जब उनकी विदाई हुई, तो माहौल गमगीन होने के बजाय एक उत्सव में बदल गया. जब उनके सबसे करीबी दोस्त ने उन्हें अपने कंधों पर उठाकर चलना शुरू किया, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं. यह सिर्फ एक इशारा नहीं था, बल्कि सालों के साथ, आपसी सम्मान और उन यादों का निचोड़ था जो उन्होंने इस डिपो में एक-दूसरे के साथ बिताई थीं.
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखकर लोगों को फिल्म ‘शोले’ की जय-वीरू की वो मशहूर जोड़ी याद आ गई. ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’ गाने के दौरान धर्मेंद्र का अमिताभ बच्चन के कंधों पर बैठना जिस तरह दोस्ती की मिसाल बन गया था, बिल्कुल वही नजारा यहां असल जिंदगी में देखने को मिला. यह वीडियो हमें याद दिलाता है कि करियर तो एक दिन खत्म हो जाता है, लेकिन काम के दौरान बने रिश्ते जिंदगी भर साथ चलते हैं यादों में भी और कभी-कभी हकीकत में कंधों पर भी.