थाईलैंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यह घटना एक कपल से जुड़ी है, जो थाईलैंड के कराबी में एक होटल में रुके हुए थे. इसी दौरान उनके साथ ऐसी घटना हुई, जो वो अपने जीवन में कभी नहीं भूल पाएंगे.
कराबी इलाके में एक होटल के कमरे में ठहरे हुए दंपति सुबह करीब 5 बजे जब सो रहे थे, तभी एक जहरीला किंग कोबरा उनके बेड पर आ गया. पर्यटक की साथी ने महसूस किया कि कोई सांप उसके गले पर रेंग रहा है, जिसके बाद वह चीखते हुए कमरे से बाहर भाग आई.
घटना का पूरा विवरण
यह भयावह घटना 27 मार्च को हुई, जब दंपति आराम से सो रहे थे. अचानक दंपति के एक साथी ने महसूस किया कि एक काला कोबरा उनके बिस्तर पर रेंग रहा है और उसके सिर के पास पहुंच चुका था. पर्यटक ने चिल्लाते हुए कहा, “सांप! यह मेरे गले पर रेंग रहा है, काला कोबरा!” भाग्यवश,कोबरा ने किसी को काटा नहीं, लेकिन यह अनुभव बेहद डरावना था.
होटल स्टाफ को तुरंत इसकी सूचना दी गई और एक प्रोफेशनल स्नेक कैचर को बुलाया गया. वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि कैचर ने टॉर्च की रोशनी में बिस्तर के नीचे सांप को खोजा. कुछ ही पलों में उसने किंग कोबरा को पकड़ लिया, जो अपना हुड फैलाकर हमला करने को तैयार था. सांप की लंबाई लगभग 1.5 मीटर बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
यह घटना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और एक्स (पहले ट्विटर) पर खूब वायरल हुई. वीडियो में स्नेक कैचर बिस्तर के पीछे सांप को पूंछ से पकड़ते दिखा, जबकि सांप जोर-जोर से हमला करने की कोशिश कर रहा था. कई लोगों ने कमेंट में होटलों में सुरक्षा पर सवाल उठाए, खासकर जंगलों के पास स्थित जगहों पर जो होटल स्थित हैं.
किंग कोबरा के बारे में
किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा जहरीला सांप है, जो थाईलैंड जैसे उष्णकटिबंधीय इलाकों में आम है. इसका जहर घातक होता है और यह हुड फैलाकर हमला करता है. इसकी लम्बाई 5.6 मीटर तक होती है. सांपों की यह प्रजाति दक्षिणपूर्व एशिया एवं भारत के कुछ भागों में खूब पायी जाती है. एशिया के सांपों में यह सर्वाधिक खतरनाक सापों में से एक है.