Odisa Viral Elephant: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में शुक्रवार उस समय लोगों की नजरें थम गईं, जब एक विशाल जंगली हाथी अचानक आबादी वाले इलाके और मुख्य सड़क पर टहलता दिखाई दिया. हाथी का अंदाज इतना बेखौफ और शांत था कि आसपास मौजूद लोग घबराने के बजाय हैरानी से उसे देखते रह गए. यह घटना भुवन वन क्षेत्र के अंतर्गत कोर्ट चौक इलाके की बताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, एक बड़ा नर हाथी जंगल से निकलकर गांव और सड़क की ओर आ गया. आशंका जताई जा रही है कि वह भारत पहाड़ क्षेत्र से भटकते हुए भोजन की तलाश में रिहायशी इलाके तक पहुंच गया.
हाथी को सड़क पर देख इलाके में हलचल
हाथी को सड़क पर देख इलाके में हलचल मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित दिशा में मोड़ने की कोशिश शुरू कर दी. घटना के दौरान जो दृश्य देखने को मिला उसने सबका ध्यान खींच लिया. सबसे आगे हाथी धीमे और संतुलित कदमों से बढ़ रहा था, उसके पीछे वन विभाग के कर्मचारी और फिर उसके पीछे उत्सुक ग्रामीणों की भीड़ चल रही थी. पूरा नजारा किसी विशेष जुलूस जैसा प्रतीत हो रहा था.
हाथी षडंगी वन क्षेत्र के गणेशखोला पहाड़ की तरफ लौटा
वन विभाग ने सावधानी बरतते हुए हाथी को शिशु विद्या मंदिर रोड से आगे बढ़ाया और फिर वन विभाग कार्यालय के सामने स्थित भुषल गांव की ओर मोड़ दिया. बाद में वह ब्राह्मणी नदी पार कर षडंगी वन क्षेत्र के गणेशखोला पहाड़ की तरफ लौट गया. राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान हाथी ने किसी व्यक्ति, घर या वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि जंगल से सटे इलाकों में मानव और वन्यजीवों के बीच दूरी लगातार कम होती जा रही है. स्थानीय लोगों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की. विभाग की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से एक संभावित खतरे को बिना किसी अप्रिय घटना के टाल जा सका.