सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अजीबोगरीब वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. वीडियो एक रेस्टोरेंट का है, जहां एक रोबोट अचानक ‘बेकाबू’ हो गया. यह रोबोट न सिर्फ बर्तन तोड़ता नजर आ रहा है, बल्कि वहां मौजूद स्टाफ के साथ उसकी हाथापाई जैसी स्थिति भी बन गई है.
आखिर वीडियो में क्या है?
वायरल क्लिप में आप देख सकते हैं कि एक रोबोट, जिसने नारंगी रंग का एप्रन पहना हुआ है और जिस पर ‘I’m Good’ लिखा है, वो काउंटर पर रखे बर्तनों को एक-एक कर नीचे गिरा रहा है. इसी बीच रेस्टोरेंट की एक महिला कर्मचारी उसे रोकने की पूरी कोशिश करती है, लेकिन रोबोट रुकने का नाम नहीं लेता और अपने लोहे के हाथ लगातार चलाता रहता है. रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक इस पूरे ड्रामे को हैरानी से देख रहे होते हैं. जबकि बैकग्राउंड में किसी के जोर-जोर से हंसने की आवाज भी आ रही है.
Incident Report:
Employee: Robot.
Infraction: Unauthorized dancing and smashed dishes.
Staff required to contain: Several.
Reason given: He just wants to dance.
The robot has no regrets.pic.twitter.com/MUATJfhvIq
— Mario Nawfal (@MarioNawfal) March 17, 2026
क्या है इस रोबोट की हकीकत?
दरअसल, सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. दावों के मुताबिक, यह मामला कैलिफोर्निया के सैन जोस स्थित एक रेस्टोरेंट का है. जब इस बारे में AI चैटबॉट ‘ग्रोक’ से पूछा गया, तो सामने आया कि यह दरअसल एक ‘जूटोपिया-थीम’ वाला ह्यूमनाइड डांसिंग रोबोट है. यह एक नामी हॉटपॉट चेन में डिज्नी कोलैबोरेशन के प्रोमो का हिस्सा था. ऐसा लगता है कि डांस करते समय रोबोट के सिस्टम में कोई तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद वह बेकाबू हो गया और स्टाफ को उसे काबू करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.
सोशल मीडिया पर आई कमेंट्स की बाढ़
इस वीडियो पर यूजर्स बड़े ही मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘भाई घर जाओ, तुम नशे में हो!’ वहीं एक अन्य यूजर ने मशीनों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘इन रोबोट्स के सिर पर एक बड़ा सा लाल ‘इमरजेंसी स्टॉप’ बटन क्यों नहीं होता? ताकि ऐसी स्थिति में उन्हें तुरंत रोका जा सके.’ कुछ लोगों का मानना है कि आने वाले समय में जब घरों और दफ्तरों में रोबोट्स का इस्तेमाल बढ़ेगा, तो ऐसे और भी कई पागलपन भरे वीडियो देखने को मिलेंगे. फिलहाल, यह वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है और लोग रोबोट की इस स्थिति को देखकर मजे ले रहे हैं.