Watermelon Cutting Hack: गर्मियों में तरबूज खाने का मजा ही कुछ अलग है, लेकिन इसके काले बीज खाते समय अगर मुंह में आ जाएं तो पूरा मजा किरकिरा कर देते हैं. लेकिन जापान में इसे इतने अलग तरीके से काटा जाता है कि किसी भी टुकड़े में एक भी बीज नहीं बचता.
‘जापानी कटिंग हैक’ एक बेहतरीन टेक्निक है जो चाकू की सहायता से सही एंगल में काटने पर कुछ ही सेकंड में सारे बीज एक लाइन में निकाल देता है. यह मैथमेटिकल तकनीक तरबूज को बिना किसी अतिरिक्त मेहनत के बीज-मुक्त बना देती है.
स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
- सबसे पहले तरबूज को चॉपिंग बोर्ड पर स्थिर करने के लिए ऊपर-नीचे के दोनों सिरों को थोड़ा काट लें. इससे यह लुढ़कना बंद हो जाएगा और काटना आसान हो जाएगा. फिर बड़े तेज चाकू से बीच से इसे बिल्कुल आधा काटें.
- अब आपको तरबूज के लाल गूदे में प्राकृतिक लाइनें दिखेंगी, जो त्रिकोण के आकार में होती हैं. तरबूज के ज्यादातर बीज इन्हीं लाइनों के आसपास कतार में छिपे होते हैं. इन तीन मुख्य लाइनों के बीच त्रिकोण आकार में सटीक कट लगाएं. इससे टुकड़े अलग हो जाएंगे और बीज किनारों पर एक सीधी कतार में दिखने लगेंगे.
- अब इन्हें छोटे स्लाइस में बांटें. प्रत्येक टुकड़े के किनारे पर बीज स्पष्ट दिखेंगे. चम्मच या चाकू की नोक से धीरे से खुरचें, बीज एक साथ बाहर निकल आएंगे. अंदर का गूदा साफ और बिना बीज का हो जाएगा, जिसे आप एन्जॉय कर सकते हैं.
क्यों खास है यह तरीका
यह जापान फ्रूट्स चैनल द्वारा शेयर की गई तकनीक है, जो रैंडम कटिंग से अलग है. पुराने तरीके में बीज पूरे गूदे में फैल जाते हैं, लेकिन यह पैटर्न फॉलो करने से समय बचता है और बिना झंझट के लगभग सारे बीज निकल जाते हैं.