भारत के ज्यादातर लोग स्ट्रीट फूड के दीवाने है. लेकिन इन स्ट्रीट फूड के हाइजीन को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं. ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर वायरल हो रहा है.
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से एक टिक्की–चाट की दुकान का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक आलू टिक्की बनाने वाला शख्स आलू को भगोने में चप्पल पहनकर पैरों से धोता दिख रहा है. इस घटना ने स्ट्रीट फूड की स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वायरल वीडियो की पूरी कहानी
वीडियो में दिखाई देता है कि एक युवक बड़े भगोने में पानी भरकर खड़ा है और चप्पल पहनकर पैरों से आलू को घसीटकर धो रहा है. भगोने में पहले से पानी भरा होता है जिसमें वो आलू डाल देता है. फिर वह भगोने में चप्पल पहनकर पैर डालता है और आलू साफ करता है. इन आलुओं को बाद में टिक्की बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह दुकान अंकुर विहार थाना क्षेत्र की डीएलएएफ कॉलोनी के पास स्थित कृष्णा चाट भंडार की है, जो आसपास के लोगों के बीच टिक्की–चाट बंनाने के लिए काफी मशहूर है.
What kinda people are they?😭
this man is cleaning potatoes with his feet.
The video is from Loni, Ghaziabad.pic.twitter.com/4JaYKJzDjU— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) March 23, 2026
हालांकि कृष्णा चाट भंडार के मालिक चंद्रकेश का कहना है कि जिस युवक ने आलू पैरों से धोते हुए वीडियो में दिखाई देता है, वह उनका नियमित कर्मचारी नहीं है, बल्कि उनकी गैरहाजिरी में दुकान संभाल रहा था. लेकिन लोगों का आरोप है कि यह तरीका रोजाना का है और अब इस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग से भी जांच और दुकान पर उचित नियंत्रण लगाने की मांग उठ रही है.
लोगों की प्रतिक्रिया
वीडियो बनाने वाली एक युवती ने इस कृत्य को “शर्मनाक” बताया और कहा कि दुकान पर बनने वाली चाट और टिक्की को यह तरीका बिल्कुल गैर–जिम्मेदाराना रवैया है. लोगों ने इस वीडियो पर खूब बढ़-चढ़कर कमेंट किया है. एक X यूजर ने लिखा, “लोनी, गाजियाबाद: एक-एक आलू के जरिए स्वच्छता मानकों को फिर से परिभाषित कर रहे हैं. एक और यूजर ने लिखा, “अगर आपको इस बारे में घिन आ रही है, तो अचार बनाने वाली फैक्ट्री में जाइए. उसके बाद आप कभी अचार नहीं खाएंगे.”
बता दें कि भारतीय स्ट्रीट फूड में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन का यह इकलौता मामला नहीं है. इसके पहले भी इस तरह के वीडियो वायरल हो चुके हैं. एक वीडियो में ठाणे के एक स्ट्रीट वेंडर को सड़क किनारे पेशाब करते हुए और बिना हाथ धोए खाना बेचने के लिए वापस लौटते हुए देखा गया था. इस तरह के वीडियो भारत में स्ट्रीट फ़ूड के नाम पर बिकने वाले भोज्य-पदार्थों की खाद्य-सुरक्षा और गुणवत्ता पर सवाल उठाते हैं.