Dhokla Recipe: गुजराती व्यंजनों में ढोकला का विशेष स्थान है. सॉफ्ट, स्पंजी ढोकला शाम के नाश्ते के लिए बेहतरीन विकल्प है. यह पौष्टिक होने के साथ कम कैलोरी वाला भी होता है, जिससे इसे वो लोग भी खा सकते हैं, जो डाइटिंग कर रहे हैं. लेकिन ढोकला बनाते समय सही तरीके का इस्तेमाल न किया जाए, तो ढोकला टाइट हो जाता है.
यहां मैं आपके लिए ढोकले की आसान रेसिपी लेकर आई हूं. इस रेसिपी से ढोकला बनाने पर हमेशा सॉफ्ट और स्पंजी बनेगा. आपको बस यहां बताये गए छोटे-छोटे टिप्स को फॉलो करना है.
सामग्री (4 सदस्यों के लिए)
बैटर के लिए:
बेसन (ग्राम फ्लौर) – 1.5 कप
दही – 1/2 कप (फटा हुआ)
हल्दी पाउडर – 1/4 चम्मच
नमक – स्वादानुसार (लगभग 1 चम्मच)
चीनी – 1 चम्मच
अदरक-हरी मिर्च पेस्ट – 1 चम्मच
नींबू का रस – 1 चम्मच
ईनो फ्रूट सॉल्ट (या बेकिंग सोडा 1/2 चम्मच) – 1 सैशे
पानी – 3/4 कप (लगभग)
तड़के के लिए:
सरसों के दाने – 1 चम्मच
तिल – 1 चम्मच
हरी मिर्च – 2 (कटी हुई)
करी पत्ता – 8-10
हींग – एक चुटकी
चीनी – 1 चम्मच
नींबू का रस – 1 चम्मच
हरा धनिया – 2 टेबलस्पून (कटा)
नारियल का बुरादा – वैकल्पिक
बनाने की विधि
एक बाउल में बेसन, दही, हल्दी, नमक, चीनी, अदरक-मिर्च पेस्ट और नींबू का रस डालकर अच्छे से मिलाएं. धीरे-धीरे पानी डालते हुए चिकना बैटर तैयार करें (दही जैसी Consistency हो). बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर फर्मेंट होने दें. फिर ईनो डालकर हल्के हाथ से मिलाएं (बैटर हल्का फूलने लगेगा).
एक थाली या मोल्ड को तेल लगाकर बैटर डालें. बर्तन (स्टीम करने वाले बर्तन या इडली कुकर) में पानी उबालें, थाली रखकर 15-20 मिनट तक मध्यम आंच पर भाप में पकाएं. टूथपिक डालकर चेक करें कि बैटर पक गया या नहीं. अगर पक जायेगा तो टूथपिक पर वो नहीं चिपकेगा.
ठंडा होने पर चाकू से काट लें. तड़के के लिए छोटे पैन में तेल गर्म करें, सरसों, तिल, मिर्च, करी पत्ता और हींग डालकर चटकने दें. चीनी, नींबू रस और 2 टेबलस्पून पानी मिलाकर ढोकले पर डालें. धनिया और नारियल छिड़ककर हरी चटनी के साथ सर्व करें.
सॉफ्ट ढोकला बनाने के Pro टिप्स
- बैटर को कमरे के तापमान पर फर्मेंटेड करने के लिए 10-20 मिनट रखें, इससे सॉफ्ट स्पंजी बनते हैं.
- पानी की मात्रा का विशेष ध्यान रखें. ढोकला की सॉफ्टनेस बैटर की कंसिस्टेंसी पर निर्भर करती है.
- भाप में पकाते समय पहले 5 मिनट तेज आंच, फिर मध्यम आंच रखें; ढक्कन पर पानी न जमे इसके लिए कपड़ा लपेटें.