मार्च 2026 कई अनुभवों से भरा रहा है. बारिश, होली और बोर्ड परीक्षा जैसी कई चीजें इस एक महीने में हो गईं. नेटिजंस इसे सालाना पैकेज बता रहे हैं कि सालभर का सारा अनुभव एक ही महीने में हो गया.
इंटरनेट पर इसको लेकर मीम भी बन रहे हैं. लोग सोशल मीडिया पर रील पोस्ट कर रहे हैं कि वॉर, बारिश, गर्मी, एग्जाम और छुट्टियां सब देख लिए, लेकिन मार्च अभी भी बाकी है.
होली, ईद और छुट्टियों का दौर
मार्च 2026 में दो महत्वपूर्ण त्योहार मनाये गए. 4 मार्च को होली थी, जिसकी वजह से स्कूल, कॉलेज आदि बंद थे. उसके बाद मुस्लिम समुदाय का प्रमुख त्यौहार ईद भी इसी महीने मनाया गया. इसके अलावा राम नवमी, महावीर जयंती, चैत्र नवरात्र और गुड़ी पड़वा जैसे त्योहार भी इसी महीने हुए, जिसने इसे उत्सव वाला महीना बना दिया. साथ ही ज्यादातर स्कूलों में परीक्षाएं ख़त्म हो चुकी हैं, जिसके बाद बच्चो की स्कूल की छुट्टियां भी हो गयी हैं.
बोर्ड परीक्षाओं का दौर
फरवरी से शुरू हुई बोर्ड परीक्षाएं मार्च तक चली. एक तरफ जहां त्योहार और जश्न का माहौल था वहीं दूसरी ओर बच्चों पर पढ़ाई और एग्जाम का प्रेशर भी था. ऐसे में बहुत से युवा इन त्योहारों को न्यूनतम समय में सेलिब्रेट करके जल्दी से पढ़ाई पर वापस लौट रहे हैं, जबकि कुछ स्कूल और कोचिंग संस्थान छुट्टियों के बीच भी इंटेंसिव टेस्ट‑सीरीज चला रहे हैं, ताकि छात्रों का फोकस बना रहे.
धुरंधर 2 ने मचाया तहलका
धुरंधर 2 भी मार्च में रिलीज हुई जिसका लोग बेसब्री से इन्तजार कर रहे थे. इस फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. पहले दिन ही इस फिल्म ने 100 करोड़ का बिजनेस कर लिया और पहले दिन सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गयी.
मौसम में आया बदलाव
इस अवधि में मौसम भी बदलाव की स्थिति में रहता है: कहीं तेज गर्मी और धूल भरी हवाएं तो कहीं अचानक बारिश और ओले भी देखने को मिलते हैं. शुरूआती मार्च में जहां तापमान बढ़ने लगा था, वहीं अचानक हुई बारिश ने एक बार फिर तापमान कम कर दिया और ठंड जैसी स्थिति बन गयी. लोग मीम बना रहे हैं कि स्वेटर निकालें या रख दें!
इसी दौरान मिडिल ईस्ट में युद्ध की स्थिति ने भी पूरी दुनिया को प्रभावित किया. ईरान पर हुए अचानक हमले के बाद गैस की आपूर्ति बाधित हुई जिसके बाद गैस मिलने और उसकी कीमत में वृद्धि जैसी कई समस्याओं ने सामान्य जन-जीवन को प्रभावित किया.