थाईलैंड के खाओ खेओ ओपन जू में एक व्यक्ति की गैर जिम्मेदाराना हरकत ने एक बार फिर जानवरों के दायरे और वन्यजीव नियमों पर बहस छेड़ दी है. दरअसल थाईलैंड के एक व्यक्ति ने जानबूझकर “मू डेंग” नाम के हिप्पो के पेन (बाड़े) में घुसकर नियमों का उल्लंघन किया है.
थाईलैंड की अदालत ने उस पर तीन सौ डॉलर (करीब ₹22,500 या थाई बहत 10,000) का जुर्माना लगाया है. बता दें कि मू डेंग दुनिया भर में वायरल बौनी हिप्पोपोटेमस है, जिसके फनी क्लिप्स सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को मोहित करते हैं.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना मार्च 2026 में खाओ खीओ ओपन जू में घटी, जब एक युवा व्यक्ति बिना अनुमति के हिप्पो के पेन के अंदर घुस गया. सुरक्षा कैमरे के फुटेज में वह मू डेंग के बहुत पास फोटो और वीडियो लेते हुए दिखाई देता है, जिसकी जानकारी मिलते ही जू कर्मचारियों ने उसे तुरंत बाहर निकाल दिया. जू के निदेशक नरोन्गविट चोदचोय ने बताया कि यह व्यवहार जानवरों और दर्शकों दोनों के लिए खतरनाक था. इससे जानवर दहशत में आ सकते थे और किसी भी समय आक्रामक हो सकते थे. मू डेंग को भी उस समय “थोड़ा आश्चर्यचकित” बताया गया, हालांकि उसे कोई चोट नहीं लगी है.
कोर्ट ने लगाया प्रतीकात्मक जुर्माना
इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने तुरंत ट्रेसपासिंग का मामला दर्ज किया और अधिकारियों ने कानूनी कार्रवाई की सुझाव दिया. बता दें कि थाईलैंड में जू के रेस्ट्रिक्टेड एरिया में घुसने पर अधिकतम एक साल की जेल या 20,000 थाई बहत (लगभग ₹618) का जुर्माना या दोनों लग सकते हैं. आरोपी ने अपना दोष स्वीकार कर लिया, जिसके बाद अदालत ने उसे 10,000 बहत (लगभग 300 डॉलर) का जुर्माना लगाकर दंडित किया. जू के निदेशक नरोन्गविट ने इसे एक “प्रतीकात्मक निर्णय” बताया जो दिखाता है कि किसी भी व्यक्ति को जानवरों के अधिकारों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं है, चाहे वे कैद में हों या जंगल में.