घर में बढ़ गया है छिपकलियों का प्रकोप, आज ही लाएं ये पौधे, कोसों दूर रहेंगी छिपकली
Get Rid of Lizards: घरों में छिपकलियों का प्रकोप बढ़ने लगता है, तो छिपकलियों को भगाने के अनेकों उपाय इस्तेमाल किए जाते हैं. अक्सर रात को सोते समय या किचन में खाना बनाते समय छत पर या दीवारों पर छिपकलियां टहलती दिख जाती हैं. इन्हें भगाने के लिए तरह-तरह के केमिकल्स इस्तेमाल किए जाते हैं. गर्मियों में नमी वाले इलाकों में छिपकलियां रहती हैं. अक्सर लोग इन्हें भगाने के लिए जहरीले स्प्रे और केमिकल्स वाली चीजें इस्तेमाल करते हैं. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि घर में कुछ पौधे लगाने से छिपकलियां भाग सकती हैं. इन पौधों की खुशबू हमें तो अच्छी लगती है, लेकिन छिपकलियों को ये काफी परेशान कर सकती है.
तुलसी का पौधा
वैसे तो अधिकतर हिंदू घरों में तुलसी का पौधा होता है. तुलसी के पौधे की पूजा की जाती है और इसकी चाय बनाकर पी जाती है. वहीं बहुत से लोगों का मानना है कि तुलसी का पौधा घर में लगाने से छिपकलियां भाग जाती हैं. छिपकलियों की नाक बहुत तेज होती है और वो तुलसी की महक सूंघकर भाग जाती हैं. इसे आप अपने घर की खिड़की या दरवाजे के पास रख सकते हैं.
लहसुन का पौधा
भारत में लहसुन को खानपान के लिए इस्तेमाल किया जाता है. ये केवल स्वाद बढ़ाने ही नहीं बल्कि छिपकलियों को भगाने में भी असरदार है. इसकी महक छिपकलियों को पसंद नहीं आती है. इसमें सल्फर पाया जाता है, जो छिपकलियों को पसंद नहीं आता है. अगर आप चाहें, तो लहसुन की गांठों को दरवाजे और खिड़कियों के पास टांग सकते हैं. इसके अलावा आप गमलों में भी लहसुन की कलियां लगा सकते हैं.
लेमनग्रास की महक
छिपकलियों को लेमनग्रास की महक भी पसंद नहीं आती. ये छिपकलियों को भगाने का असरदार तरीका है. जहां पर नमी और गर्मी रहती है, वहां पर ये सबसे अच्छी तरह काम करता है.
पुदीने की महक
गर्मी के मौसम में पुदीने का स्वाद और इसकी महक लोगों को बहुत पसंद आती है. हालांकि छिपकलियों को ये महक बिल्कुल पसंद नहीं है. इसकी ठंडी महक छिपकलियों के कंफर्ट को बिगाड़ देती है. इससे छिपकलियां ही नहीं मकड़ी भी दूर भाग जाती हैं.
रोजमेरी की महक
रोजमेरी की महक काफी तेज और तीखी होती है. छिपकलियां इस महक को बर्दाश्त नहीं कर पातीं. इसकी पत्तियों को पानी में उबालकर घर में स्प्रे करने से छिपकलियां भाग जाती हैं.
गेंदे का फूल
गेंदे के फूल घर में लगाने से भी कीड़े-मकोड़े और छिपकलियां दूर रहती हैं. इस फूल की महक इतनी तेज होती है कि छिपकलियां इसके पास रहना भी पसंद नहीं करती हैं.
नीलगिरी का पौधा
इसके अलावा नीलगिरी का पौधा भी छिपकली दूर भगाने में मददगार हो सकता है. इसकी महक भले ही लोगों को पसंद आता हो, लेकिन छिपकलियों को इसकी महक बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती है.