IPL 2026: संजू सैमसन से लेकर सरफराज खान तक… CSK के लिए इस साल डेब्यू करेंगे 5 ‘धुरंधर’ खिलाड़ी
5 Players To Debut For CSK: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. इस साल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपने छठे टाइटल को हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था, लेकिन इस बार टीम पूरी तैयारियों के साथ मैदान पर उतरेगी. ऋतुराज की कप्तानी में सीएसके की टीम वापसी करने के इरादे से उतरेगी. इस बार सीएसके की टीम में कई नए खिलाड़ी देखने को मिलेंगे, जो अपना पहला आईपीएल खेलेंगे या सीएसके के लिए डेब्यू करेंगे. ऐसे में आइए जानते हैं इस सीजन में सीएसके के लिए कौन से खिलाड़ी पहली बार मैदान पर उतरेंगे?
संजू सैमसन
इस लिस्ट में सबसे ऊपर संजू सैमसन का नाम आता है. टीम इंडिया का टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले संजू सैमसन पर CSK की टीम ने बड़ा दांव खेला है. CSK ने राजस्थान रॉयल्स के साथ ट
ट्रेड के जरिए संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल किया. इसके लिए CSK ने रविंद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान रॉयल्स में भेज दिया. संजू सैमसन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. ऐसे में उनके आने से CSK के टॉप ऑर्डर को मजबूती मिलेगी.
सरफराज खान
मुंबई के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज खान को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है. सरफराज खान को CSK ने उनके बेस प्राइस 75 लाख रुपये में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया है. इससे पहले सरफराज खान दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं. अब CSK के लिए अपना डेब्यू करने के लिए तैयार हैं. टीम मैनेजमेंट चाहेगी कि सरफराज खान मिडिल ओवर्स में तेजी से रन बनाकर टीम को मजबूती दें.
राहुल चाहर
भारत के लेग स्पिन गेंदबाज राहुल चाहर भी इस सीजन CSK के लिए पहली बार खेलते दिखाई देंगे. राहुल चाहर को CSK ने IPL 2026 के ऑक्शन में 5.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है. राहुल चाहर चेन्नई के घरेलू मैचों में काफी अहम साबित हो सकते हैं, क्योंकि चेपॉक की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार मानी जाती है.
अकील हुसैन
वेस्टइंडीज के स्टार स्पिन गेंदबाज अकील हुसैन भी इस साल CSK के लिए डेब्यू कर सकते हैं. अकील हुसैन को CSK ने 2 करोड़ रुपये की बिड लगाकर अपनी टीम में जोड़ा है. स्टार स्पिनर ने आखिरी बार साल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए मैच खेला था.
मैट हेनरी
न्यूजीलैंड के स्टार तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी इस साल CSK के लिए अपना डेब्यू कर सकते हैं. मैट हेनरी नई गेंद से घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. CSK ने मैट हेनरी को 2 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने स्क्वाड में जोड़ा था. मैट हेनरी पहले लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं.
CSK का शेड्यूल
CSK की टीम आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 मार्च से अपने अभियान की शुरुआत करेगी. इसके बाद CSK का अगला मुकाबला 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स, 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा.
ऋतुराज गायकवाड़ संभालेंगे कमान
इस साल ऋतुराज गायकवाड़ चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभालते नजर आएंगे. पिछले सीजन भी गायकवाड़ ही टीम के कप्तान थे, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान उन्हें चोट लग गई थी. इसके बाद एमएस धोनी ने टीम की कप्तानी संभाली थी.
IPL 2025 में CSK का प्रदर्शन
IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था. पिछले साल CSK की टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी. CSK को 14 मैचों में से 10 में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि सिर्फ 4 मुकाबलों में जीत मिली थी.