Summer Tips: गर्मियों के 7 देसी सुपर ड्रिंक… पीते ही शरीर में आएगी ताजगी, लू और कमजोरी का भी होगा खात्मा!
Summer Healthy Drinks: गर्मियों का मौसम पूरी तरह शुरू हो चुका है. इस मौसम के आते ही शरीर को स्वस्थ और एनर्जेटिक बनाए रखना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. क्योंकि, गर्मियां कई परेशानियों को साथ लेकर आती हैं. तेज धूप, बढ़ता तापमान और गर्म हवाएं शरीर से पसीने के जरिए पानी और जरूरी मिनरल्स को तेजी से बाहर निकाल देती हैं. ऐसे में अगर खान-पान और पीने की आदतों पर ध्यान न दिया जाए तो शरीर में कमजोरी, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं होने लगती हैं. यही वजह है कि डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट गर्मियों में खानपान को लेकर खास सतर्क रहने की सलाह देते हैं. आपको बता दें कि, कुछ नेचुरल ड्रिंक गर्मियों में काफी फायदेमंद माने जाते हैं. ये न सिर्फ शरीर को ठंडक देते हैं बल्कि ऊर्जा भी बनाए रखते हैं. अब सवाल है कि आखिर गर्मियों में तरोताजा रहने के लिए क्या करें? गर्मियों के देसी सुपर ड्रिंक क्या हैं? आइए जानते हैं इस बारे में-
पर्याप्त पानी पीएं
नोएडा की डाइटिशियन खुशबू शर्मा के अनुसार, गर्मियों में सबसे जरूरी चीज है भरपूर पानी पीना. बता दें कि, एक स्वस्थ व्यक्ति को रोज लगभग ढाई से तीन लीटर पानी पीना चाहिए. हालांकि, जो लोग ज्यादा मेहनत वाला काम करते हैं या जिनकी शारीरिक गतिविधियां अधिक होती हैं, उन्हें इससे ज्यादा पानी की जरूरत पड़ सकती है.
नींबू शर्बत
पानी के अलावा गर्मियों में कई प्राकृतिक पेय पदार्थ भी शरीर को राहत पहुंचाते हैं. इनमें नींबू का शर्बत सबसे आसान और लोकप्रिय ड्रिंक माना जाता है. इसमें मौजूद विटामिन C और इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करते हैं.
आम पना
कच्चे आम से बनने वाला आम पना भी गर्मियों के लिए फायदेमंद है. बता दें कि, यह विटामिन A, C और फाइबर से भरपूर होता है. यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ लू से बचाने में भी मदद करता है.
सत्तू का शर्बत
हेल्थ एक्सपर्ट कहती हैं कि, सत्तू का शर्बत भी गर्मियों के मौसम में काफी फायदेमंद माना जाता है. क्योंकि, सत्तू से बनने वाले शर्बत से हमें आयरन, प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में मिल जाते हैं.
पुदीना-खीरे का शर्बत
पुदीना और खीरा का शर्बत भी शरीर को ठंडक देता है. बता दें कि, इन दोनों में पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जो शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेट रखने में मदद करती है. आप चाहें तो गरी, मिश्री, सौंफ और बादाम को पीसकर पौष्टिक शर्बत बना सकते हैं.
नारियल पानी और छाछ
गर्मियों में नारियल पानी सबसे अच्छा नेचुरल ड्रिंक माना जाता है. इसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे कई जरूरी तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखते हैं. रोज नारियल पानी पीने से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है.
डिहाइड्रेशन होने पर ओआरएस
अगर किसी कारण से शरीर में पानी की कमी हो जाए तो ओआरएस का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है. इससे शरीर को तुरंत जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स मिल जाते हैं और हाइड्रेशन लेवल जल्दी संतुलित हो जाता है. हालांकि विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि गर्मियों में बाजार में मिलने वाले ज्यादा शक्कर वाले कोल्ड ड्रिंक्स से दूरी बनाकर रखें.
डिस्क्लेमर
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. India news इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)