16 साल की उम्र में घर से भागे, डिलीवरी बॉय का किया काम, एक फिल्म ने बदली एक्टर की किस्मत
Harshvardhan Rane: बॉलीवुड में बहुत से ऐसे एक्टर्स हैं, जिन्होंने जिंदगी में काफी संघर्ष किया. वे बड़ी मुश्किलों से निकलकर बॉलीवुड में आए और काफी नाम कमाया. इस लिस्ट में शाहरुख खान, अक्षय कुमार, कंगना रनौत, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, पंकज त्रिपाठी समेत तमाम नाम शामिल हैं. इसी लिस्ट में एक और नाम है हर्षवर्धन राणे, जिन्होंने अपनी जिंदगी में संघर्ष कर बॉलीवुड में नाम कमाया. वहीं अब एक्टर जॉन अब्राहम की फिल्म में भी काम करने जा रहे हैं. इसके लिए उन्होंने फैंस को खुशखबरी शेयर की है. उन्होंने बताया वे अभिनेता जॉन अब्राहम के साथ शूटिंग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि फोर्स 3 को लेकर शूट कर रहे हैं.
'पहले फैन था और अब...'
उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए पोस्ट किया कि मैं अब दुनिया के बेहतरीन प्रोड्यूसर जॉन अब्राहम के साथ काम कर रहा हूं. उन्होंने कहा कि मैं पहले डिलीवरी बॉय था और जॉन अब्राहम का फैन था. आज मैं उनके सेट पर हूं.
हर्षवर्धन ने शेयर किया था पोस्ट
उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि जो अपने सपनों को सच कराना चाहते हैं, उन सभी डिलीवरी से कहना चाहता हूं कि कच्ची सड़कों पर चलना आपको अंदर से मजबूत बनाता है. डिलीवरी का समय आपको अनुशासन सिखाता है. गर्मी आपके धैर्य की परीक्षा लेती है. बारिश हिम्मत को चुनौती देती है. आप केवल ऑर्डर डिलीवर नहीं कर रहे हैं. आप अपने अंदर धैर्य, मेहनत और सहनशीलता बना रहे हैं.
फोर्स 3 में नजर आएंगे हर्षवर्धन राणे
जानकारी के अनुसार, हर्षवर्धन राणे आगामी हिंदी एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'फोर्स 3' में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म को भव धूलिया डायरेक्ट कर रहे हैं. ये फिल्म फोर्स फ्रेंचाइजी का रीबूट होने वाला है. इस फिल्म में जॉन अब्राहम एसीपी यशवर्धन का किरदार निभाएंगे. फैंस को उम्मीद है कि फोर्स 3 फिल्म को 2027 में रिलीज किया जा सकता है.
कब रिलीज हुई फिल्म फोर्स
बता दें कि फोर्स का पहला भाग साल 2011 में रिलीज हुआ था. इसका सीक्वल 2016 में रिलीज किया गया था. वहीं अब लंबे इंटरवल के बाद फोर्स 3 वापस आने वाली है. फोर्स 3 में एक्टर हर्षवर्धन राणे भी नजर आएंगे. बॉलीवुड में आने तक का उनका सफर काफी मुश्किल रहा है.
16 साल की उम्र में छोड़ा घर
हर्षवर्धन राणे को बचपन से एक्टर बनने का काफी शौक था. वे हीरो बनने के लिए 16 साल की उम्र में 200 रुपये लेकर घर से भाग गए थे. उन्होंने दिल्ली में टेलीफोन बूथ पर खड़े होने का काम किया. इसके लिए उन्हें 10 रुपये मिलते थे.
इंग्लिश सीखने के लिए जॉइन किया कॉल सेंटर
इसके अलावा उन्होंने कूरियर बॉय, वेटर और साइबर कैफे तक काम किया. साथ ही उन्होंने शादी-पार्टी में डीजे बजाने का काम भी किया है. उनके पास इंग्लिश सीखने के लिए पैसे नहीं थे. इसके लिए उन्होंने गजब का तरीका निकाला और कॉल सेंटर जॉइन कर लिया.
हर्षवर्धन का फिल्मी करियर
उन्होंने इंडस्ट्रिी में अपने करियर की शुरुआत साल 2008 में आए टीवी शो लेफ्ट राइट लेफ्ट से की. इसके बाद साल 2010 में उन्होंने तेलुगू फिल्म 'थाकिता-थाकिता' में काम किया. इसके बाद साल 2016 में उन्होंने 'सनम तेरी कसम' फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया. फिल्म ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी, लेकिन इसे काफी पसंद किया गया.
ठुकराया 'राम-लीला' का रोल
'सनम तेरी कसम' को 2025 में वैलेंटाइन डे वीक में दोबारा रिलीज किया गया. इस दौरान फिल्म फैंस और नौजवानों को काफी पसंद आई. संजय लीला भंसाली ने हर्षवर्धन को फिल्म राम लीला में विलेन का रोल ऑफर किया था. हालांकि उन्होंने इसके लिए मना कर दिया. 2025 में हर्षवर्धन के पास लगभग 50 करोड़ रुपये की संपत्ति आंकी गई थी.
हर्षवर्धन राणे वर्कफ्रंट
एक्टर हर्षवर्धन राणे फोर्स-3 के साथ ही रोमांटिक ड्रामा पिल्म सिला और सनम तेरी कसम 2 में नजर आने वाले हैं. फोर्स 3 की शूटिंग हो रही है. सिला की शूटिंग वियतनाम में शेड्ययूल है. वहीं सनम तेरी कसम 2 भी जल्द फैंस के लिए रिलीज होगी.