Akshaya Tritiya 2026: सोना नहीं खरीद पा रहे? जानें इस दिन किन चीजों की खरीदारी से मिलता है अक्षय पुण्य और धन लाभ
Akshaya Tritiya 2026: अगर इस अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना आपके लिए संभव नहीं है, तो ये 5 वस्तुएं आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती हैं.. मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई चीजें अक्षय फल देती हैं और घर में सुख-समृद्धि बढ़ाती हैं. लेकिन इस बार सोने की कीमतें काफी ज्यादा बढ़ गई हैं, जिससे हर किसी के लिए सोना खरीदना आसान नहीं रह गया है.ऐसे में अगर आप भी सोच रहे हैं कि इस अक्षय तृतीया पर क्या खरीदें जिससे घर में धन-लक्ष्मी का आगमन हो, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ ऐसी चीजें भी हैं जिन्हें खरीदना सोने जितना ही शुभ माना जाता है. इन वस्तुओं को घर लाने से मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की कृपा प्राप्त होती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है. आइए जानते हैं इन 5 खास वस्तुओं के बारे में.
रुई लाना क्यों माना जाता है शुभ
अक्षय तृतीया के दिन रुई खरीदना पवित्रता और शुद्धता का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन रुई घर में लाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर में स्थायी रूप से धन का वास होता है.रुई से बनी बत्ती को पूजा में उपयोग करने से लक्ष्मी-नारायण की विशेष कृपा मिलती है. इसे तिजोरी या अनाज रखने की जगह पर रखने से कभी धन और अन्न की कमी नहीं होती. साथ ही यह आर्थिक स्थिरता को बढ़ाने में भी मददगार माना जाता है.
सेंधा नमक से बढ़ती है सकारात्मक ऊर्जा
सेंधा नमक को शुद्ध और ऊर्जा संतुलित करने वाला माना जाता है. वास्तु और आयुर्वेद दोनों में इसका विशेष महत्व बताया गया है. अक्षय तृतीया के दिन इसे घर लाना नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने और सकारात्मकता बढ़ाने का संकेत माना जाता है.ऐसा विश्वास है कि इस दिन सेंधा नमक खरीदने से कर्ज और दुर्भाग्य दूर होता है. यह घर में सुख-शांति और समृद्धि को आकर्षित करता है और सालभर के लिए आर्थिक परेशानियों को कम करने में मदद करता है.
मिट्टी के बर्तन
मिट्टी को पृथ्वी तत्व का प्रतीक माना जाता है और यह जीवन में संतुलन और स्थिरता लाने का संकेत देती है. अक्षय तृतीया के दिन मिट्टी के बर्तन खरीदना धरती माता का सम्मान करने जैसा माना जाता है.इस दिन मिट्टी के बर्तन में जल, अनाज या गुड़ भरकर जरूरतमंदों को दान करना अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है. मान्यता है कि इससे कई पीढ़ियों तक शुभ फल प्राप्त होते हैं और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है.
जौ से आती है लक्ष्मी की विशेष कृपा
जौ को धार्मिक दृष्टि से बहुत शुभ अनाज माना गया है और इसे भगवान विष्णु का प्रिय बताया गया है. अक्षय तृतीया पर जौ घर लाना धन, अन्न और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है.इस दिन विष्णु जी को जौ अर्पित करके उसे घर में रखने से लक्ष्मी का स्थायी वास होता है. ऐसा भी माना जाता है कि इस दिन लाया गया जौ अक्षय धन का प्रतीक होता है और घर में कभी अभाव नहीं रहने देता.
कौड़ी से बढ़ती है धन-समृद्धि
कौड़ी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है और इसका संबंध धन वृद्धि से जोड़ा जाता है. अक्षय तृतीया के दिन कौड़ी खरीदकर उसे पूजा स्थान या तिजोरी में रखना बेहद शुभ माना जाता है.ऐसा करने से घर में धन का प्रवाह बना रहता है और आर्थिक तंगी दूर होती है. कई लोग इसे कैश बॉक्स या अनाज के डिब्बे में भी रखते हैं, जिससे घर में अन्न-धन की कमी नहीं होती.