बर्थडे स्पेशल: कभी साइकिल चलाने को मजबूर था ये स्टार क्रिकेटर, अब बना भारत का ‘खतरनाक’ गेंदबाज; कितनी है नेटवर्थ?
Arshdeep Singh Birthday: भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह आज (5 फरवरी) को अपना 27वां जन्मदिन मना रहे हैं. अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं. उन्होंने भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं. साल 2024 में भारतीय टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में भी अर्शदीप सिंह की अहम भूमिका रही थी. उस टूर्नामेंट में अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाए थे. अर्शदीप सिंह को भारत के सबसे खतरनाक हाथ के गेंदबाजों में गिना जाता है. वह डेथ ओवर्स में अपनी घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. हालांकि उनका ये सफर इतना ज्यादा आसान नहीं रहा. एक ऐसा भी समय था जब अर्शदीप सिंह साइकिल ट्रेनिंग के लिए दूर जाया करते थे. वे हर दिन ट्रेनिंग के लिए 25 किमी का सफर तय किया करते थे. आज के समय में उनकी सैलरी करोड़ों में हैं. आइए जानते हैं अर्शदीप सिंह के करियर और नेटवर्थ के बारे में…
साइकिल चलाने को मजबूर
अर्शदीप सिंह एक नॉर्मल फैमिली से आते हैं. उनका जन्म मध्य प्रदेश के गुना में हुआ था, लेकिन बाद में उनका परिवार पंजाब में बस गया. जब अर्शदीप सिंह ने क्रिकेटर बनने का सपना देखा, तो उसका सफर आसान नहीं था. शुरुआती दिनों में अर्शदीप सिंह चंडीगढ़ ट्रेनिंग के लिए जाया करते थे. वह रोजाना 13-15 किलोमीटर साइकिल चलाकर एकेडमी जाते थे.
इरफान पठान से मिली प्रेरणा
साल 2006 में भारत बनाम पाकिस्तान के एक मुकाबले में भारतीय गेंदबाज इरफान पठान ने हैट्रिक ली. यह देखकर अर्शदीप ने भी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बनने का सपना देखा, जो आज लगभग पूरा हो गया है. अर्शदीप सिंह भारतीय टीम के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में से एक हैं.
परिवार ने कनाडा जाने को कहा
अर्शदीप सिंह ने चंडीगढ़ के क्रिकेट एकेडमी में अपने खेल को निखारा. इसके बाद स्टेट लेवल पर भी अपना जलवा दिखाया. हालांकि शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद अर्शदीप को बेहतरीन मौके नहीं मिल रहे थे. इसके चलते उनके परिवार ने कनाडा जाकर भाई के पास पढ़ाई करने और नौकरी करने के लिए कहा, लेकिन अर्शदीप सिंह ने एक साल का समय मांगा.
अंडर-19 टीम में मिला मौका
अर्शदीप सिंह को उनके दमदार प्रदर्शन के दम पर भारत की अंडर-19 टीम में मौका मिला. साल 2018 में अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप खेला और भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाया. इसके बाद अगले साल ही अर्शदीप को IPL कॉन्ट्रैक्ट भी मिल गया. किंग्स इलेवन पंजाब ने अर्शदीप को 20 लाख रुपये में अपनी स्क्वाड में शामिल किया.
पंजाब के लिए IPL में शानदार प्रदर्शन
IPL 2019 के सीजन में अर्शदीप सिंह को ज्यादा मौके नहीं मिले. हालांकि इसके बाद साल 2020-21 के सीजन में अर्शदीप सिंह ने पंजाब के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए बड़े-बड़े दिग्गजों का ध्यान अपनी ओर खींचा.
भारतीय टीम के लिए डेब्यू
अर्शदीप सिंह ने साल 2022 में भारतीय टीम के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. इंग्लैंड के डेब्यू मैच में अर्शदीप सिंह ने 3.3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इसके बाद अर्शदीप सिंह ने अगले मुकाबले में भी 2 विकेट हासिल किए. फिर समय के साथ-साथ अर्शदीप सिंह भारत के लिए टी20 में सबसे अहम गेंदबाजों में शामिल हो गए.
बुमराह से पहले 'विकेटों का शतक'
अर्शदीप सिंह ने भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से पहले टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए. उन्होंने सिर्फ 64 मुकाबलों में यह कारनामा किया. इसी के साथ वह भारत के पहले ऐसे गेंदबाज बने, जिसने टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे किए.
अर्शदीप सिंह की नेटवर्थ
अर्शदीप सिंह की नेटवर्थ को लेकर कोई सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है. हालांकि कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्शदीप सिंह की नेटवर्थ 28 से 30 करोड़ रुपये के बीच है. पिछले 2 सालों में अर्शदीप की इनकम में काफी ज्यादा बढ़ोतरी हुई है. दरअसल, IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में पंजाब की टीम ने अर्शदीप सिंह को 18 करोड़ रुपये में खरीदा था. IPL 2026 के लिए भी पंजाब ने उन्हें इसी प्राइस पर रिटेन किया है.