लाजपत और सरोजिनी नहीं, ये हैं दिल्ली की 3 सबसे सस्ती मार्केट, बजट में होगी शॉपिंग!
Best Market of Delhi: दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को जब भी शॉपिंग करने का मन होता है, तो सबसे पहले सरोजिनी नगर और लाजपत नगर का नाम ज़हन में आता है. हालांकि दिल्ली में शॉपिंग के लिए कुछ जगहें इनसे भी सस्ती हैं. आज हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे है, जहां आप कम पैसों में शॉपिंग कर सकते हैं. यहां आपको 30 रुपये से शुरू होने वाले सामान मिल जाएंगे. ऐसे में अगर आप हाल-फिलहाल में शॉपिंग करने का मन बना रहे हैं, तो इन बाजारों की तरफ भी रुख कर सकते हैं. आप भी यहां से सस्ता और अच्छा सामान खरीद सकते हैं.
कतरन मार्केट का करें रुख
दिल्ली की कतरन मार्केट को सस्ते और किफायती दामों के साथ ही वैरायटी और ऑप्शन्स की भरमार के लिए जाना जाता है. अगर आप कॉटन, सिल्क, नेट, वेलवेट या दूसरी तरह का कपड़ा किलो के भाव में खरीदना चाहते हैं, तो ये बाजार आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है.
कतरन मार्केट के लिए ध्यान रखें ये बातें
बता दें कि कतरन मार्केट पहुंचने के लिए आपको पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन पर उतरना होगा. ये मार्केट मंगोलपुरी में है और सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहती है. ये मार्केट हर महीने की 28 तारीख को बंद रहती है.
गांधी नगर मार्केट
दिल्ली के गांधी नगर मार्केट को एशिया का सबसे बड़ा रेडीमेड कपड़ों का बाजार कहा जाता है. यहां पर कपड़ों की कीमत 30 रुपये से शुरू हो जाती है. कहा जाता है कि यहां आपको हर वैरायटी और क्वालिटी का सामान मिल जाएगा.
गांधी नगर मार्केट का समय
अगर आप गांधी नगर मार्केट जाना चाहते हैं, तो आप सीलमपुर मेट्रो स्टेशन से उतरकर यहां पहुंच सकते हैं. ये मार्केट सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास है. ये मार्केट सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खुलती है. ये मार्केट हर सोमवार को बंद रहती है.
शांति मोहल्ला मार्केट
दिल्ली का शांति मोहल्ला मार्केट शादी या किसी दूसरे फंक्शन की शॉपिंग के लिए बेस्ट है. यहां डिजाइनर और एक्सपोर्ट सरप्लस का कपड़ा आपको कम कीमत में मिल जाएगा. यहां कम कीमत में कई वैरायटी, कस्टम मेड ड्रेस और डिजाइनर फैब्रिक भी आसानी से मिल जाता है.
कहां है शांति मोहल्ला मार्केट
बता दें कि शांति मोहल्ला मार्केट जानने के लिए आपको नजदीकी मेट्रो स्टेशन सीलमपुर मेट्रो स्टेशन पड़ेगा. ये मार्केट भी सोमवार को बंद रहती है. ये मार्केट सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुलता है.