IPL 2026: विराट कोहली की फॉर्म, रजत पाटीदार का लकी चार्म… क्या इस बार फिर बना पाएंगे RCB को चैंपियन?
RCB, IPL 2026: 28 मार्च के क्रिकेट के महाकुंभ यानी आईपीएल का आगाज होने जा रहा है. इस सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा. पिछले साल आरसीबी ने फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर पहली बार ट्रॉफी उठाई थी. रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी की टीम ने 18 साल से चले आ रहे सूखे को खत्म किया था. अब इस साल आरसीबी की अपने टाइटल को डिफेंड करने इरादे से मैदान पर उतरेगी. आरसीबी की पूरी टीम लगभग पिछले साल की तरह ही है, लेकिन थोड़े बदलाव किए गए हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि IPL 2026 में आरसीबी की ताकत और कमजोरियां…
विराट कोहली करेंगे आक्रामक बल्लेबाजी
विराट कोहली अक्सर आरसीबी की टीम के बल्लेबाजी में एंकर का काम करते हैं. पिछले 18 सालों से कोहली आरसीबी के लिए लगातार रन बनाते आ रहे हैं. हालांकि उनका स्ट्राइक रेट मौजूदा विस्फोटक खिलाड़ियों से थोड़ा कम रहा है, लेकिन इस बार कोहली का अलग रूप नजर आ सकता है. IPL 2026 में विराट कोहली पर पहली बार चैंपियन बनने का दबाव नहीं होगा. साथ ही कप्तानी की भी कोई जिम्मेदारी नहीं रहेगी. ऐसे में विराट कोहली खुलकर नए अंदाज में खेलते नजर आ सकते हैं, जो दूसरे टीमों के लिए बुरे सपने जैसा हो सकता है.
रजत पाटीदार का लकी चार्म
पिछले 18 सालों में राहुल द्रविड़, केविन पीटरसन, अनिल कुंबले, विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस जैसे बड़े खिलाड़ियों ने आरसीबी की कप्तानी की. इनमें से कोई भी कप्तान टीम को चैंपियन नहीं बना पाया. फिर साल 2025 में रजत पाटीदार ने आरसीबी की कमान संभाली और पहले ही साल चैंपियन बना दिया. रजत पाटीदार आरसीबी के लिए लकी चार्म बनकर सामने आए हैं. साथ ही मिडिल ऑर्डर में अपनी बल्लेबाजी से भी खूब प्रभावित किया है.
फिनिशर सबसे बड़ी मजबूती
IPL 2025 में ज्यादातर टीमों की समस्या रही थी कि उनके पास अच्छे फिनिशर नहीं थे, जो गेम को खत्म कर सकें. वहीं, आरसीबी के पास टिम डेविड और रोमारियो शेपर्ड जैसे दमदार फिनिशर हैं. इन दोनों खिलाड़ियों ने पिछले साल आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. इस सीजन में भी इन खिलाड़ियों को अहम रोल होने वाला है.
गेंदबाजी में काफी दम
IPL 2025 में आरसीबी के गेंदबाजों ने काफी शानदार प्रदर्शन किया था. खासकर जोश हेजलवुड ने अपनी गेंदबाजी से बड़ा असर पैदा किया था. जोश हेजलवुड ने सिर्फ 12 मैचों में 8.77 की इकॉनमी से 22 विकेट चटकाए थे. इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार और यश दयाल ने भी काफी अच्छी गेंदबाजी की थी. वहीं, क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने स्पिन की कमान संभाली थी.
जोश हेजलवुड की इंजरी बनी समस्या
जहां एक और ज्यादातर टीमें अपने खिलाड़ियों के चोटिल होने से परेशान दिखाई दे रही हैं. वहीं, आरसीबी की टीम ज्यादा मुश्किल में नहीं है. जोश हेजलवुड IPL 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं, लेकिन उनके बैकअप के तौर पर आरसीबी के पास तेज गेंदबाज जैकब डफी हैं. जैकब डफी इस टूर्नामेंट में जोश हेजलवुड की जगह ले सकते हैं.
RCB की समस्याएं
IPL 2026 में आरसीबी के लिए कुछ समस्याएं भी सामने आएंगी. टीम के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज फिल साल्ट पिछले कुछ समय से अपनी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. इसके अलावा तेज गेंदबाज यश दयाल के खेलने पर भी सस्पेंस बरकरार है. हालांकि आरसीबी के पास यश दयाल के बैकअप के तौर पर मंगेश यादव हैं, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने ऑक्शन में 5.20 करोड़ रुपये में खरीदा है.
RCB का शेड्यूल
RCB की टीम 28 मार्च को अपना पहला मुकाबला SRH के खिलाफ खेलेगी. इसके बाद 5 अप्रैल को CSK, 10 अप्रैल को RR, और 12 अप्रैल को MI से मुकाबला होगा. अभी दूसरे फेज का शेड्यूल सामने नहीं आया है.
RCB की फुल स्क्वाड
विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, जोश हेजलवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, रसिख सलाम, अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, जॉर्डन कॉक्स, विकी ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा और कनिष्क चौहान.