IPL 2026: तीन हार के बाद भी उम्मीद बरकरार! ऐसे प्लेऑफ पहुंच सकती है CSK, क्या है समीकरण?
CSK Playoff Qualification Scenario: 2026 में 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए की शुरुआत बेहद खराब रही है. ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने शुरुआती 3 मुकाबले लगातार हार गई है. ऐसे में CSK के लिए प्लेऑफ का सफर और भी ज्यादा मुश्किल हो गया है. इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद चेन्नई की टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे पहुंच गई है. अब अगर चेन्नई सुपर किंग्स को टॉप-4 में पहुंचने के लिए बेहतरीन खेलना होगा. हर बार की तरह इस बार सभी 10 टीमों को 14-14 मैच खेलने का मौका मिलेगा. ऐसे में CSK फैंस के मन में सवाल है कि क्या चेन्नई सुपर किंग्स अभी भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती है? प्लेऑफ में जाने के लिए CSK को कितने मैच जीतने होंगे? क्या समीकरण बन रहे हैं. आइए जानते हैं सभी सवालों के जवाब…
CSK के पास कितने मैच बचे?
IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स 3 मैच खेल चुकी है, जिनमें सभी मैच हारी है. अब CSK के पास कुल 11 मैच बचे हैं. हर सीजन में सभी टीमें 14-14 मैच खेलती हैं.
CSK को जीतने होंगे कितने मैच?
IPL में किसी भी टीम को बिना दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर हुए कम से कम 16-18 प्वाइंट की जरूरत होती है. ऐसे में CSK को अपने बचे 11 मैचों में से कम से कम 8 मैच जीतने होंगे. IPL जैसी बड़ी लीग में किसी टीम के लिए ऐसा कर पाना काफी ज्यादा मुश्किल होता है.
नेट रन रेट भी सुधारना होगा
CSK को अपने अगले मैचों में जीत के साथ-साथ नेट रन रेट (NRR) में सुधार करना होगा. फिलहाल CSK का NRR -2.517 है, जो सभी टीमों में सबसे खराब है. अक्सर प्लेऑफ की रेस में NRR का अहम रोल होता है.
3 मैचों में मिली हार
चेन्नई सुपर किंग्स को शुरुआती 3 मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है. पहले मैच में चेन्नई को राजस्थान रॉयल्स ने 8 विकेट से हराया. इसके बाद दूसरे मैच में पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से मात दी, जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने 43 रनों की हार मिली.
कैसे वापसी कर सकती है CSK?
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को वापसी करने के लिए उनके बल्लेबाजों को जिम्मेदारी उठानी होगी. CSK की गेंदबाजी काफी कमजोर दिखाई दे रही है. ऐसे में बल्लेबाजों को ज्यादा रन बनाने होंगे, जिससे टीम को जीत मिल सके.
इन खिलाड़ियों पर होगा दारोमदार
CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को फॉर्म में वापस आना होगा. इन दोनों बल्लेबाजों पर रन बनाने की ज्यादा जिम्मेदारी है. अभी तक 3 मैचों में इन दोनों खिलाड़ियों के बल्ले से रन नहीं आए हैं.
MS धोनी और डेवाल्ड ब्रेविस के आने से मिलेगी मजबूती
IPL 2026 में CSK के लिए चोटिल खिलाड़ियों की समस्या बनी रही. डेवाल्ड ब्रेविस अगले मैच से वापसी कर सकते हैं, जिससे मिडिल ऑर्डर को मजबूती मिलेगी. वहीं, एमएस धोनी के आने से लोअर ऑर्डर मजबूत होगा.
CSK का अगला मैच
चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मैच 11 अप्रैल को होगा. यह मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाला है. इसके बाद 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ंत होगी.