हादसा या साजिश? वह आखिरी रात जिसने छीन ली दिव्या भारती की जिंदगी, 33 साल बाद भी अनसुलझी है मौत की गुत्थी
Divya Bharti Death Anniversary: बॉलीवुड इंडस्ट्री में 90 के दशक में दिव्या भारती नाम की एक अभिनेत्री आई, जिसने अपनी खूबसूरती और शानदार अदाकारी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. साल भर में एक्ट्रेस ने कई दिग्गज हसीनाओं को पीछे छोड़ दिया. जब वह अपने करियर की चरम पर थी, तभी एक रात ऐसी खबर आई जिसने मनोरंजन जगत को हिला कर रख दिया था. पता चला कि महज 19 साल की उम्र में दिव्या भारती ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. उनके मौत को लेकर कई सवाल थे, जो आज भी अनसुलझे हैं. आखिर क्या हुआ था उस रात? क्या ये हादसा था या साजिश? क्यों 33 साल बाद भी नहीं सुलझी ये मौत की गुत्थी? चलिए जानते हैं सबकुछ इस खबर में.
डेब्यू से ही छा गईं एक्ट्रेस
दिव्या भारती ने 1992 में फिल्म 'विश्वात्मा' से बॉलीवुड में डेब्यू किया. 'सात समुंदर पार' गाने ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया. इसके बाद उन्होंने 'शोला और शबनम', 'दीवाना' और 'दिल आशना है' जैसी फिल्मों में अभिनय किया और रातों-रात स्टार बन गईं.
18 साल में बन गईं स्टार
महज 18 साल की उम्र में दिव्या ने एक ही साल में 12 से अधिक फिल्में साइन कीं, जो आज भी एक रिकॉर्ड है. उस वक्त अभिनेत्री हर निर्माता और निर्देशक की पहली पसंद थीं.
19 साल में हुई मौत
5 अप्रैल, 1993 को एक खबर आई, जिसने सभी को चौंका दिया. दिव्या भारती का मुंबई स्थित अपने अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल की बालकनी से गिरने के बाद निधन हो गया. उन्होंने महज 19 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कह दिया. इस मौत की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए.
क्या हुआ था उस रात?
बताया जाता है कि 5 अप्रैल की रात को दिव्या डिजाइनर नीता लुल्ला और उनके पति के साथ वर्सोवा स्थित अपने घर पर थीं. उस वक्त दिव्या भारती नशे में थीं और बालकनी की ओर बढ़ी. फिर जब उन्होंने बालकनी पर बैठने की कोशिश की तो बैलेंस बिगड़ने के कारण गिर गईं और उनकी मौत हो गई.
हादसा या साजिश?
दिव्या भारती की मौत पर कई अटकलें लगीं. किसी ने कहा कि उन्हें जानबूझकर धक्का दिया गया है और ये मौत की साजिश है. हालांकि, इसे लेकर कोई सबूत नहीं मिले जांच में अल्कोहल की पुष्टि हुई और इसे हादसा माना गया. इस वजह से 1998 में केस बंद कर दिया गया.
साजिद नाडियाडवाला पर भी लगे आरोप
कहा जाता है कि दिव्या भारती ने निर्माता साजिद नाडियाडवाला से गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी. इतना ही नहीं, बतया जाता है कि उन्होंने अपना धर्म भी बदल लिया था. इसी वजह से जब अभिनेत्री की मौत हुई तो साजिद नाडियाडवाला पर भी शक हुआ. हालांकि बाद में उन्हें आरोप मुक्त कर दिया गया.
मौत अभी भी है एक रहस्य
दिव्या भारती की मौत हुए 33 साल बीत गए हैं, लेकिन अभी भी कई सवाल लोगों के मन में हैं. कुछ का कहना है कि ये साजिश है. क्योंकि एक्ट्रेस की मौत के कुछ दिनों बाद ही उनकी नौकरानी की भी रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई. जो मुख्य गवाह थीं. तो क्या दिव्या भारती की हुई थी हत्या? ये सवाल आज भी लोगों के मन को कचोटती है.