Everyday Lunchbox Idea: हर दिन बच्चों को दें अलग लंच, स्वाद के साथ मिलेगा पोषण, डब्बा होगा finish!
ज्यादातर माओं की सबसे बड़ी टेंशन ये होती है कि बच्चे को लंच में क्या बनाकर दें! बच्चों की भी हर दिन अलग-अलग खाने की फरमाइश रहती है. बच्चे एक जैसा खाना खाकर बोर हो जाते हैं. इसलिए मैं आपके लिए लाई हूं एवरीडे लंच आईडिया, सोमवार से शनिवार तक बच्चों को अलग-अलग टिफिन पैक करके दें. ये लंच मेन्यू टेस्टी होने के साथ बच्चों को पोषण भी देंगे.
Monday: मिक्स वेज पराठा और दही
गेहूं और रागी के आटे में बारीक कटी गाजर, शिमला मिर्च, प्याज (अगर बच्चा खाता हो), थोड़ा नमक, अजवाइन, हल्का सा देसी घी/तेल मिलाकर नरम आटा गूंदें. छोटे–छोटे पराठे सेकें, ऊपर से हल्का घी लगाएं. छोटे डिब्बे में दही (थोड़ी चीनी या नमक-भुना जीरा डाल सकते हैं) रखकर पैक करें.
Tuesday: वेज पुलाव और सलाद
एक मुट्ठी चावल धोकर रखें. तेल गर्म करके मटर, गाजर, बीन्स, स्वीट कॉर्न को हल्का भूनें, नमक, हल्दी, थोड़ा गरम मसाला डालें. चावल और पानी डालकर 1–2 सीटी प्रेशर कुकर में या ढक्कन लगाकर कड़ाही में पका लें. देसी घी डालकर लंच बॉक्स में पैक करें. साथ में खीरे, गाजर और चुकंदर के गोल स्लाइस काटकर रखें.
Wednesday: सूजी उत्तपम और नारियल/हरी चटनी
1 कप सूजी, ½ कप दही, थोड़ा नमक, पानी मिलाकर गाढ़ा घोल बनाकर 10 मिनट के लिए रख दें. अब इस बैटर में बारीक कटी प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, धनिया मिलाएं. नॉनस्टिक तवे को गैस पर रखें और थोड़ा सा तेल डालकर छोटे–छोटे उत्तपम बना लें. साथ में नारियल चटनी या पुदीना–धनिया चटनी छोटे डिब्बे में पैक करके दें.
Thursday: आलू-पनीर सैंडविच
उबला आलू मैश करें उसमें थोड़ा कद्दूकस किया हुआ पनीर, नमक, काली मिर्च, चाट मसाला, थोड़ा-सा केचअप या हरी चटनी मिलाएं. ब्रेड पर फिलिंग लगाएं, ग्रिल या तवे पर हल्का घी/मक्खन लगाकर सेकें, तिकोने छोटे टुकड़े करें. केचअप के साथ पैक करें.
Friday: मूंग दाल चीला और टोमैटो केचअप
भीगी हुई पीली मूंग दाल (2–3 घंटे भिगोकर) पीस लें, उसमें अदरक, नमक, बारीक कटा पालक/गाजर मिलाएं. तवे पर थोड़ा तेल डालकर पतले–पतले चीले बनाएं. चीले को रोल करके छोटे टुकड़े में काट दें (खाना आसान रहेगा). टोमैटो केचअप या हरी चटनी के साथ पैक करें.
Saturday: दाल-खिचड़ी और रायता
1 भाग चावल, 1 भाग मूंग दाल, हल्दी, नमक, गाजर-मटर-बीन्स डालकर प्रेशर कुकर में 2-3 सीटी तक पकाएं. घी में जीरा, हींग का हल्का तड़का ऊपर से डाल दें (बहुत मिर्च न डालें). साथ में खीरे का रायता पैक करें.