पूर्व प्रेमिका ने लगाया था रेप का आरोप, ‘आशिकी 2’ के गायक ने सालों नहीं गाया गाना
Singer Ankit Tiwari: एक समय पर आशिकी 2 में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाले सिंगर अंकित तिवारी ने अपनी गायकी से अपनी पहचान बनाई. वे साल 2010 में हबीब फैसल की फिल्म ‘दो दूनी चार’ से संगीत की दुनिया में आए थे. 4 सालों में उन्होंने पूरी दुनिया में नाम कमाया. इसी बीच जब वे करियर के पीक पर थे, तब 2014 में उनके साथ एक ऐसी घटना हुई, जिसने उन्हें तोड़कर रख दिया. उनके दिमाग पर इसका असर इस कदर हुआ कि 2015 के बाद शायद ही उन्हें किसी ने देखा होगा. हालांकि 2023 में वापसी के बाद उन्होंने कुछ गाने गाए. आइए जानते हैं उनकी गुमनामी का पूरा कारण…
संगीत के माहौल में बीता बचपन
6 मार्च 1986 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मे अंकित तिवारी 'राजू सुमन एंड पार्टी' नाम की संगीत मंडली चलाते थे. वे बचपन से ही संगीत के माहौल में रहते थे. बचपन से ही उनका सपना था कि वे संगीत की दुनिया में कुछ बड़ा करें और नाम कमाएं.
सीखा शास्त्रीय संगीत
संगीत के प्रति उनके झुकाव को देखते हुए उनके माता-पिता ने उन्हें ट्रेनिंग दिलाने का फैसला किया. उन्होंने पियानो, ध्रुपद और पश्चिमी गायन की तालीम ली. इससे पहले उन्होंने शास्त्रीय संगीत सीखा.
रेडियो स्टेशन में किया काम
इसके बाद उन्होंने प्रोडक्शन हेड के तौर पर एक रेडियो स्टेशन में काम किया. इसके बाद अंकित तिवारी अपने भाई अंकुर के साथ मुंबई आ गए. यहां उनकी मुलाकात प्रदीप सरकार से हुई. उस समय पर प्रदीप सरकार अपनी अपकमिंग फिल्म के लिए काम कर रहे थे. हालांकि किसी वजह से वो फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई.
जिंगल के साथ शुरू हुआ अंकित तिवारी का करियर
हालांकि उन्हें जिंगल पर काम करने का मौका मिला. जिंगल के साथ ही उन्होंने टीवी प्रोग्राम के लिए म्यूजिक बनाना भी शुरू कर दिया. इसी बीच उनकी मुलाकात हबीब फैसल से हुई. उन्होंने अंकित को गानों के लिए मौका दिया.
इन गानों से मिली पहचान
अंकित तिवारी को एक के बाद गाने मिलने लगे. उन्होंने आशिकी 2, सुन रहा है न तू और तेरी गलियां जैसे तमाम गाने गाए. हालांकि उनके साथ हुई एक घटना ने उनका करियर बर्बाद कर दिया.
2014 में लगे ये आरोप
2014 में आशिकी 2 के गानों से मशहूर हुए अंकित तिवारी का करियर पीक पर था. 9 मई 2014 को अंकित तिवारी की प्रेमिका ने उन पर बलात्कार का आरोप लगाए. इन आरोपों के कारण उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
भाई अंकुर पर लगे ये आरोप
उनके भाई अंकुर पर आरोप लगा कि वो लड़की को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. अंकुर और अंकित दोनों भाइयों पर तीन साल तक केस चलता रहा. 2017 में सबूतों की कमी के कारण मुंबई सेशन कोर्ट ने दोनों भाइयों को आरोपों से बरी कर दिया.
2018 में की शादी
आरोपों से बरी होने के बाद अंकित तिवारी ने 2018 में कानपुर में हिंदू रीति-रिवाजों से पल्लवी शुक्ला से शादी की. आरोपों के कारण वे इतना टूट गए थे कि उन्होंने कई सालों तक कोई गाना नहीं गाया.
2023 में की वापसी
2023 में उन्होंने रोमांटिक सिंगल "बंदा तेरा आशिक हो गया" गाना गाया. इसके बाद 2024 में उन्होंने अरिजीत सिंह के साथ मिलकर 'तुम क्या हो' गाना गाया.