एक्सपायर हो गया है बॉडी लोशन? कपड़ों से जूतों-फर्नीचर तक में ऐसे करें इस्तेमाल, बच सकते हैं पैसे
Expired Body Lotion Uses: गर्मी हो या सर्दी, हर मौसम में बॉडी लोशन का इस्तेमाल तो किया ही जाता है. अक्सर घरों में ज्यादा दिनों तक बॉडी लोशन रखे रहने से वो खराब और एक्सपायरी हो जाती हैं, जिसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. इसका शरीर पर इस्तेमाल करने से एलर्जी, खुजली और रैशेज जैसी परेशानी हो जाती है. इसके कारण इसे फेंक दिया जाता है. हालांकि कई बार धोखे से हम बाजारों से भी ऐसे बॉडी लोशन ले आते हैं, जिनकी डेट जल्द ही एक्सपायर हो जाती है. इसके कारण इसे फेंकना ही पड़ता है. आज हम आपको बॉडी लोशन के कुछ ऐसे हैक्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके कारण आपको वो बॉडी लोशन फेंकने भी नहीं होंगे और इनका इस्तेमाल करने से आपके रोजमर्रा के बहुत से काम आसान हो जाएंगे.
फर्नीचर के लिए करें इस्तेमाल
आपका खराब और एक्सपायरी बॉडी लोशन फर्नीचर को साफ करने के काम आ सकता है. अगर आप इस लोशन को लकड़ी के फर्नीचर पर लगाएंगे, तो ये एक क्रीमी लेयर बन जाती है. इससे फर्नीचर को स्वाभाविक रूप से चमकने में मदद मिलेगी. ध्यान रखें कि लोशन की ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल न करें, ताकि उसमें चिपचिपाहट न हो.
कम मेहनत से लेदर की करें सफाई
आप लोशन की मदद से लेदर की चीजें साफ कर सकते हैं. आप लोशन से चप्पलें, लेदर शूज, बेल्ट और लेदर बैग को शाइन बनाने में मदद कर सकते हैं. इसके इस्तेमाल से बिना ज्यादा मेहनत के लेदर को साफ कर सकते हैं.
जिप खराब होने पर ऐसे करें इस्तेमाल
अगर आपके कपड़ों या बैग की जिप खराब हो जाती हैं या अटक जाती है, तो उसमें थोड़ा सा लोशन लगाकर उसे स्मूद बनाया जा सकता है. हालांकि आपको ध्यान रखना है कि वो लोशन कपड़ों पर न लगे.
दरवाजों पर ऐसे करें इस्तेमाल
अगर आपके घरों की कुंडी खराब हो गई हैं या लकड़ी के दरवाजों की चमक चली गई है, तो आप उसमें लोशन का इस्तेमाल करके उन्हें चमकदार और कुंडी को सही कर सकते हैं.
लोहे की चीजों को करें साफ
अगर आपके घर में किसी लोहे में हल्की-फुल्की जंग लग गई है, तो आप बॉडी लोशशन की मदद से उसे साफ कर सकते हैं. लोहे की चीज पर लोशन लगाएं और उसे सही से साफ कर लें.
स्टील की चीजों पर कैसे इस्तेमाल करें?
अगर आपके घर में स्टील की कोई चीज या बर्तन खराब हो रहा है, तो आप स्टील की चीजों पर भी इसे इस्तेमाल कर सकते हैं. इसका इस्तेमाल करने के बाद बर्तन को साफ से धोना जरूरी है.