नाना पाटेकर से परेश रावल तक ओटीटी पर रिलीज हुईं ये फिल्में, इस सप्ताह लगा मनोरंजन का जबरदस्त तड़का
Friday OTT releases this week: अगर आप वीकेंड पर कोई नई फिल्म या वेबसीरीज देखने का प्लान बना रहे हैं, जो ओटीटी पर रिलीज हुई हो, तो आज हम आपको कुछ ऐसी वेबसीरीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जो शुक्रवार 13 मार्च को रिलीज हुई हैं. इसके अलावा कुछ वेबसीरीज इस सप्ताह रिलीज की गई हैं. इनमें नाना पाटेकर की संकल्प से लेकर टीवीएफ की एस्पिरेंट्स तक शामिल हैं. इसके अलावा परेश रावल की द ताज स्टोरी और वन पीस का सीजन 2 समेत कई सीरीज शामिल हैं. आइए जानते हैं इन सीरीज को कब और कहां देख सकते हैं?
एस्पिरेंट्स सीजन 3
TVF द्वारा बनाई गई एस्पिरेंट्स को फैंस का इतना प्यार मिला कि उसके बाद पार्ट 2 और अब एस्पिरेंट्स का सीजन 3 भी रिलीज हो चुका है. इसमें अभिलाष, गुरी और SK का सफर दिखाया गया है. दिखाया गया है कि अब DM के तौर पर काम कर रहे अभिलाष को अपने करियर के लिए खतरा बन रही एक सरकारी जांच का सामना करना पड़ता है. इस सीरीज में उनके UPSC की तैयारी के दौरान के संघर्षों और नौकरशाही नेतृत्व की कठोर सच्चाइयों के अलग-अलग समय-कालों को दिखाया जाता है. इस सीरीज को 13 मार्च से प्राइम वीडयो पर देख सकते हैं.
परेश रावल की द ताज स्टोरी
द ताज स्टोरी में परेश रावल ने एक टूर गाइड की भूमिका निभाई है. वो ताजमहल की असली उत्पत्ति को लेकर एक टिप्पणी करते हैं, जो वायरल हो जाती है. इसके बाद वे एक बेहद अहम अदालती लड़ाई में फंस जाते हैं. ये ड्रामा ऐतिहासिक वृत्तांतों पर सवाल उठाता है और अपनी सच्चाई बोलने की कीमत को दर्शाता है. इस मूवी को 13 मार्च शुक्रवार से आप लायंसगेट प्ले और जी5 पर देख सकते हैं.
मेड इन कोरिया
प्रियंका अरुल मोहन इस अनोखे इंडो-कोरियन ड्रामा में मुख्य भूमिका निभा रही हैं. तमिलनाडु की एक महिला सियोल जाती है, लेकिन वहां उसे अकेला छोड़ दिया जाता है. यह कहानी उसकी खुद को खोजने की यात्रा और वहां के एक स्थानीय व्यक्ति (जिसका किरदार पार्क ह्ये-जिन ने निभाया है) के साथ पनपते रोमांस को दर्शाती है. ये सीरीज 12 मार्च 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है.
पेन्नू केस
निखिला विमल अभिनीत यह कॉमेडी-ड्रामा असल ज़िंदगी की घटनाओं से प्रेरित है. यह अपराध और हास्य का मेल है, जो धोखे, गलत पहचान और उन अप्रत्याशित मोड़ों की कहानी कहता है, जो तब आते हैं जब एक देखने में सीधा-सादा कानूनी मामला पूरी तरह से गड़बड़ा जाता है. इस सीरीज को 12 मार्च से प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है.
नाना पाटेकर की संकल्प
प्रकाश झा द्वारा डायरेक्ट की गई नाना पाटेकर की सामाजिक-राजनीतिक थ्रिलर सीरीज है. इसमें वे एक प्रभावशाली मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं. ये फिल्म भारत की राजनीतिक और नौकरशाही व्यवस्थाओं के कड़वे और स्याह सच को गहराई से दिखाती है. ये सीरीज उन लोगों की नैतिक दुविधाओं पर रोशनी डालती है जो असल बदलाव लाने की कोशिश कर रहे हैं. ये 11 मार्च 2026 को अमेजन एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हो चुकी है.
वन पीस सीजन 2
इनाकी गोडॉय, मंकी डी. लुफ़ी के रूप में वापसी कर रहे हैं. स्ट्रॉ हैट क्रू आखिरकार ग्रैंड लाइन में प्रवेश करता है, जहां लोगटाउन में उन्हें कई मशहूर खतरों का सामना करना पड़ता है. इस सीज़न में, फ़ैन्स के पसंदीदा रेनडियर डॉक्टर, टोनी टोनी चॉपर को पहली बार लाइव-एक्शन रूप में पेश किया गया है. ये सीरीज 10 मार्च 2026 को रिलीज हुई थी. इसे नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है.
जूटोपिया 2
जूडी हॉप्स और निक वाइल्ड वापस आ गए हैं! यह जोड़ी एक खतरनाक पिट वाइपर का पता लगाने के लिए भेष बदलकर निकल पड़ती है, लेकिन जब उन्हें एक जुर्म में फंसा दिया जाता है, तो उन्हें अपना नाम साफ करने और ज़ूटोपिया को बचाने के लिए कानून से हटकर काम करना पड़ता है. ये एक एनिमेटेड फिल्म है, जिसे जियो हॉटस्टार पर 11 मार्च 2026 को रिलीज किया जा चुका है.
स्कारपेटा
पैट्रिशिया कॉर्नवेल की बेस्ट-सेलर किताबों पर आधारित, निकोल किडमैन ने फ़ॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. के स्कारपेटा का किरदार निभाया है. वह एक उलझी हुई मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए वर्जीनिया लौटती हैं, जिसका कनेक्शन उनके अतीत के एक खौफनाक किरदार से जुड़ा हुआ लगता है. ये सीरीज 11 मार्च को प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है.
रूस्टर
रूस्टर, बिल लॉरेंस (Ted Lasso) द्वारा बनाया गया एक कॉमेडी-ड्रामा है, जिसमें स्टीव कैरेल मुख्य भूमिका में हैं. यह एक ऐसे आदमी की कहानी है, जो बिना किसी रोक-टोक के, एक छोटे शहर की जिंदगी के मजेदार और उलझे हुए पहलुओं से गुजरता है. ये 9 मार्च को जियो हॉटस्टार पर रिलीज हो चुकी है.