5 क्रिकेटर्स, जिन्होंने आईपीएल से टीम इंडिया में बनाई जगह, विश्व कप जिताने में रहा भरपूर योगदान
From IPL to International Cricket: भारत ने 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब हासिल किया है. फाइनल मुकाबले में भारत ने 96 रनों से जीत दर्ज की. भारत की इस जीत में कई खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही. इनमें से ज्यादातर खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से निकले हैं. IPL में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अक्सर भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जल्दी डेब्यू कर लेते हैं. भारत की इस विश्व विजेता टीम में भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने IPL में धमाकेदार प्रदर्शन करके भारत की टी20 टीम में अपनी जगह बनाई है. इन खिलाड़ियों के दम पर भी भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड की ट्रॉफी उठाई. जानें कौन हैं वे स्टार खिलाड़ी…
अर्शदीप सिंह
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भारत को 2 बार टी20 वर्ल्ड कप (2024, 2026) का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई. अर्शदीप सिंह ने IPL 2022 में पंजाब किंग्स के लिए धमाकेदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने इस सीजन 14 मैचों में 7.70 की इकॉनमी से 10 विकेट चटकाए, जो कि डेथ ओवर स्पेशलिस्ट के तौर पर शानदार आंकड़े हैं. इस प्रदर्शन के दम पर अर्शदीप सिंह ने भारत की टी20 इंटरनेशनल टीम मं अपनी जगह बनाई.
सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब हासिल किया. सूर्यकुमार यादव ने भी IPL में लगातार अच्छा प्रदर्शन करके भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई थी. उन्होंने IPL 2018 और 2020 में मुंबई इंडियंस के लिए शाभनदार प्रदर्शन किया. इस दौरान हर सीजन उनके बल्ले से 400-500 रन आए. इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम में शामिल किया गया था. अब उन्होंने कप्तान के तौर पर वर्ल्ड चैंपियन का खिताब जीत लिया है.
अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा ने IPL 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने इस सीजन हैदराबाद के लिए 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 484 रन बनाए. साथ ही सबसे ज्यादा 42 छक्के लगाने के रिकॉर्ड भी बनाया. अभिषेक शर्मा के आक्रामक अंदाज और लगातार प्रदर्शन के चलते टीम मैनेजमेंट ने उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया.
तिलक वर्मा
स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने IPL 2022 और 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए कई मैच विनिंग पारियां खेलीं. इससे टीम मैनेजमेंट की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद साल 2023 में तिलक वर्मा को टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने का मौका मिला.
हार्दिक पांड्या
भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने भी IPL में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई थी. हार्दिक पांड्या ने IPL 2015 में मुंबई इंडियंस के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया. साथ ही अपनी तेज गेंदबाजी से भी प्रभावित किया. उस समय भारत को ऐसे खिलाड़ी की जरूरत थी, तो लोअर ऑर्डर में रन बना सके और तेज गेंदबाजी भी कर सके. इसके चलते हार्दिक पांड्या को साल 2015 में ही टी20 इंटरनेशनल में खेलने का मौका मिला.
IPL स्टार्स ने भारत को जिताया वर्ल्ड कप
भारतीय टीम ने साल 2026 का टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीत लिया है. इस वर्ल्ड चैंपियन टीम में ज्यादातर ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने IPL के जरिए टीम में अपनी जगह बनाई है.
भारत ने कैसे जीता वर्ल्ड कप?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया. इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों पर ही ढेर हो गई.