बिना मिट्टी के पानी में उगाएं ये खूबसूरत पौधे, बिना झंझट के बनेगा खूबसूरत गाार्डन
Gardening Hacks: आज के समय में सभी लोग अपने घर को सुंदर बनाने के लिए घर, बालकनी और छतों पर पेड़-पौधे लगाते हैं. हालांकि बहुत से लोगों के पास अपनी छत नहीं होती, जो लोग अपार्टमेंट में रहते हैं, उनके लिए गार्डनिंग करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. वहां पर मिट्टी और खाद आदि सही ढंग से नहीं मिल पाती है. आज इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसे पौधों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें लगाने के लिए आपको मिट्टी या गमलों की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप इन्हें कांच के गिलास या जार में आसानी से लगा सकते हैं यानी इन्हें लगाने के लिए आपको मिट्टी की नहीं केवल पानी की जरूरत होगी.
लगाएं मनी प्लांट
आप अपने घर पर मनी प्लांट का पौधा लगा सकते हैं. ये सबसे आसान ऑप्शन है. इसे लगाने के लिए आपको एक छोटी सी बेल काटकर एक जार में पानी भरकर रखना होगा. इसमें आपको सप्ताह या 10 दिन में एक बार पानी बदलना पड़ता है.
लगाएं मिनी बैम्बू
आप अपने घर में मिनी बैम्बू लगा सकते हैं. इसे बहुत लकी माना जाता है. इसे आमतौर पर पानी में ही उगाया जाता है. इसकी जड़ों वाला हिस्सा पानी में रहता है. इसे तेज धूप में नहीं रखना चाहिए. हालांकि अच्छी रोशनी जरूरी है. इसका पानी भी हफ्ते या 10 दिन में बदलना होगा.
एरोहेड प्लांट लगाएं
ये एक ऐसा पौधा है, जिसमें तीर के शेप में पत्तियां होती हैं. इसके कारण इसे एरोहेड कहा जाता है. इसे काटकर पानी में डाला जाता है. लगाने के दो हफ्तों बाद आपको इसकी जड़ें दिखने लगेंगी.
मॉनस्टेरा का पौधा लगाएं
आप मॉनस्टेरा का पौधा लगा सकते हैं, इस पौधे को कटे हुए डिजाइन वाले पत्तों के लिए जाना जाता है. इसकी नोड वाली कटिंग पानी में रखी जाती है. दो से तीन सप्ताह के अंदर इसकी जड़ें आनी शुरू हो जाती हैं.
लगाएं स्नेक प्लांट
स्नेक प्लांट को ज्यादातर खुले आसमान के नीचे या मिट्टी में लगाया जाता है. हालांकि अगर इसकी पत्ती काटकर पानी में भी लगाते हैं, तो जड़ें निकल आएंगी. हालांकि पानी में इसकी जड़ आने में थोड़ा सा समय लग सकता है.