हार्दिक पांड्या से लेकर 25 करोड़ी कैमरन ग्रीन तक… ये हैं IPL 2026 के बेस्ट ऑलराउंडर, 1 तो जिता चुका 2 फाइनल
IPL 2026 Top All-Rounders: IPL 2026 शुरू होने में सिर्फ 4 दिन का समय बाकी है. 28 मार्च से IPL का 19वां सीजन शुरू हो जाएगा. इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेली जाएगी. इस टूर्नामेंट में कई टीमें चैंपियन बनने का दावा ठोक रही हैं. पिछले साल पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी. इस सीजन सभी टीमों ने ऑलराउंडर खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा जताया है, क्योंकि ये प्लेयर्स गेंद और बल्ले दोनों से मैच पलट सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि IPL 2026 में कौन से ऑलराउंडर ज्यादा असर पैदा करेंगे.
हार्दिक पांड्या
इस लिस्ट में सबसे ऊपर मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या का नाम आता है. हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था. इस विश्व कप में हार्दिक ने 9 मैचों में 160 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 217 रन बनाए थे. साथ ही गेंद से 9 विकेट भी चटकाए थे. ऐसे में हार्दिक पांड्या IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए ऑलराउंड प्रदर्शन करना चाहेंगे.
कैमरन ग्रीन
ऑस्ट्रेलिया के घातक ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन IPL 2026 के ऑक्शन में खूब चर्चा में रहे. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत देकर अपने साथ जोड़ा है. ऐसे में टीम को उनसे इसी तरह के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है. कैमरन ग्रीन ने IPL में 29 मैच खेले हैं, जिनमें 1 शतक और 2 अर्धशतक की मदद से 707 रन बनाए हैं. साथ ही गेंद से 16 विकेट अपने नाम किए हैं.
सुनील नरेन
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर सुनील नरेन लंबे समय से कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए ऑलराउंडर प्रदर्शन करते आ रहे हैं. पिछले साल सुनील नरेन ने 12 मैचों में 170 की स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए थे. इसके अलावा 7.80 की इकॉनमी से 12 विकेट भी हासिल किए थे.
रविंद्र जडेजा
भारत के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा इस साल राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते दिखाई देंगे. जडेजा ने पिछले कई सालों से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग में शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे में राजस्थान रॉयल्स को भी रविंद्र जडेजा से काफी उम्मीदें होंगी. जडेजा ने साल 2023 में CSK को ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. हालांकि पिछले साल जडेजा ने आईपीएल कुछ खास नहीं गया था, लेकिन इस साल वे नई जर्सी में लौटेंगे. ऐसे में वह अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे.
क्रुणाल पांड्या
क्रुणाल पांड्या ने IPL 2025 में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को पहली बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. क्रुणाल ने IPL 2025 में 15 मैचों में 8.23 की इकॉनमी से 17 विकेट चटकाए थे. साथ ही उन्होंने बल्ले से भी बड़ा योगदान दिया था. खासकर फाइनल मुकाबले में क्रुणाल पांड्या ने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 2 विकेट लिए थे. इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया था. इससे पहले साल 2017 के IPL फाइनल में भी क्रुणाल पांड्या ने POTM का अवॉर्ड जीता था.
अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल इस सीजन IPL में अलग ही अंदाज में नजर आ सकते हैं. टी20 वर्ल्ड कप में अक्षर पटेल ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी और फील्डिंग से काफी प्रभावित किया था. IPL 2026 में अक्षर पटेल अपनी टीम को पहली बार खिताब दिलाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे
विल जैक्स
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं. हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में विल जैक्स ने 7 मैचों में 191 रन बनाए थे. साथ ही 7 विकेट भी चटकाए थे. उन्होंने इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड के लिए 4 POTM का अवॉर्ड भी अपने नाम किया था. अब IPL 2026 में विल जैक्स MI के लिए गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने के लिए तैयार हैं.
रोमारियो शेपर्ड
वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर रोमारियो शेपर्ड ने पिछले साल RCB को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. शेपर्ड लोअर ऑर्डर में पारी को अच्छी फिनिश देने के लिए जाने जाते हैं. साथ ही वह अपनी तेज गेंदबाजी से भी काफी असर पैदा करते हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रोमारियो शेपर्ड ने एक हैट्रिक भी ली थी.
लियाम लिविंगस्टोन
लियाम लिविंगस्टोन ने IPL 2025 में RCB के लिए खेला था, लेकिन उनका सीजन काफी खराब रहा था. अब इस साल वह सनराइजर्स हैदराबाद की जर्सी में नजर आएंगे, जहां पर उन्हें अलग रोल दिया जाएगा. ऐसे में इस साल वह अपनी टीम के लिए गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे.
जेसन होल्डर
वेस्टइंडीज के घातक ऑलराउंडर जेसन होल्डर IPL 2026 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते नजर आएंगे. होल्डर ने टी20 वर्ल्ड कप में 7 मैचों में 10 विकेट चटकाए थे. साथ ही बल्लेबाजी में होल्डर 174 की स्ट्राइक रेट से 141 रन बनाए. उनका यह शानदार फॉर्म गुजरात टाइटंस के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है.