यारी-दोस्ती में हो गई है ज्यादा… हैंगओवर से राहत पाने के लिए अपनाएं ये आसान उपाय, चुटकियों में मिलेगी राहत!
Hangover Recovery Tips: होली के बाद हैंगओवर होना आम बात है. ज्यादा धूप में रहना, शरीर में पानी की कमी होना, केमिकल वाले रंगों का असर या भांग का सेवन, ये सभी कारण अगले दिन सिरदर्द, उल्टी, थकान और भारीपन पैदा कर सकते हैं. खासकर होली पर भांग लस्सी और भांग ठंडाई पीने का चलन काफी है. भांग कैनाबिस से बनती है और इसका असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग होता है.अगर आप चाहते हैं कि होली के अगले दिन सुस्ती और भारी सिर के साथ न उठें, तो अपनी सेहत का ध्यान रखना जरूरी है. यहां कुछ आसान और असरदार आयुर्वेदिक उपाय दिए जा रहे हैं, जो होली के हैंगओवर से उबरने में मदद कर सकते हैं.
अदरक का इस्तेमाल
आयुर्वेद में अदरक को बहुत फायदेमंद माना जाता है. इसमें सूजन कम करने और पाचन सुधारने के गुण होते हैं. अगर होली के बाद मतली या उल्टी जैसा महसूस हो रहा है तो अदरक की चाय पी सकते हैं या अदरक की टॉफी खा सकते हैं.अदरक शरीर में पसीना लाकर टॉक्सिन बाहर निकालने और पोषक तत्वों के अवशोषण में भी मदद करता है.
हर्बल चाय पिएं
ग्रीन टी, तुलसी चाय, चमेली (जैस्मीन) चाय, गेंदा चाय या गुलाब चाय जैसे हर्बल पेय एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं. इनमें कैफीन बहुत कम होता है, इसलिए ये शरीर को शांत रखने में मदद करते हैं.ये चाय शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और तरल पदार्थ को अच्छे से अवशोषित करने में सहायक होती हैं.
नारियल पानी पिएं
होली खेलने और भांग पीने के बाद शरीर में पानी की कमी हो सकती है. नारियल पानी में पोटैशियम, सोडियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो शरीर का संतुलन वापस लाने में मदद करते हैं.यह सिरदर्द कम करने और थकान दूर करने में भी उपयोगी है.
नींबू पानी का सेवन करें
होली के बाद शरीर को डिटॉक्स करना जरूरी है. गुनगुना नींबू पानी पाचन को बेहतर बनाता है और शरीर से गंदगी बाहर निकालने में मदद करता है.
ध्यान रखें कि इसमें चीनी न मिलाएं. नींबू में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट हैंगओवर से जुड़ी भारीपन की भावना को कम करते हैं.
शरीर को हाइड्रेट रखें
होली के दौरान शरीर में गर्मी बढ़ जाती है. ऐसे में ज्यादा पानी पीना जरूरी है. अगर आपने भांग पी है तो पानी की मात्रा और बढ़ा दें.मतली या गैस की समस्या हो तो छाछ में थोड़ा नमक और काली मिर्च डालकर पी सकते हैं. यह पाचन सुधारने में मदद करता है.
अश्वगंधा का सेवन
अश्वगंधा आयुर्वेद की एक महत्वपूर्ण जड़ी-बूटी है. यह शरीर में ऊर्जा बढ़ाने और थकान कम करने में मदद करती है.भांग के सेवन के बाद जो सुस्ती या मानसिक थकान महसूस होती है, उसे कम करने में अश्वगंधा सहायक हो सकती है. इसे आप दूध या पानी के साथ पाउडर के रूप में या कैप्सूल के रूप में ले सकते हैं.
एलोवेरा जूस
एलोवेरा जूस शरीर को ठंडक देता है और पाचन तंत्र को शांत करता है. होली के बाद अगर पेट फूलना, जलन या थकान महसूस हो रही है तो एलोवेरा फायदेमंद हो सकता है.यह शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालने में भी मदद करता है.
केसर वाला दूध
होली के बाद कुछ लोगों को घबराहट, बेचैनी या दिमागी थकान महसूस हो सकती है. केसर वाला दूध तंत्रिका तंत्र को शांत करता है और मन को आराम देता है.