वरुण चक्रवर्ती की ‘मिस्ट्री’ का भंडाफोड़! बल्लेबाजों ने ढूंढा हर गेंद का जवाब, कैसे शुरू हुआ उनका बुरा दौर?
Varun Chakravarthy Mystery Spin: क्रिकेट की दुनिया में हर खिलाड़ी के करियर में एक बुरा दौर आता है. विराट कोहली से लेकर रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी अपने बुरे दौर से गुजर चुके हैं. अब ऐसा ही बुरा दौर भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का चल रहा है. वरुण चक्रवर्ती अपने करियर के उस फेज में आ गए हैं, जहां पर उनकी गेंदबाजी काफी कमजोर दिखाई दे रही है. टी20 वर्ल्ड कप के बाद IPL में वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बल्लेबाज आसानी से रन बना रहे हैं. हाल ही में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के मैच में वरुण चक्रवर्ती को अभिषेक शर्मा ने 1 ही ओवर में 25 रन ठोक दिए. IPL 2026 में अभिषेक शर्मा के अलावा अन्य लगभग सभी बल्लेबाजों ने वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ आसानी से रन बनाए हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी में बुरा दौर कब से शुरू हुआ है.
टी20 वर्ल्ड कप से शुरू हुआ बुरा दौर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम साउथ अफ्रीका मैच से वरुण चक्रवर्ती का बुरा समय शुरू हो गया. वरुण चक्रवर्ती ने उस मैच में 4 ओवर में 11 से ज्यादा की इकॉनमी से 47 रन खर्च करके 1 विकेट लिए थे. इसके बाद से ही वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री स्पिन गेंदबाजी में लगातार गिरावट आई है.
वरुण का हालिया प्रदर्शन
अगर पिछले 7 टी20 मैचों की बात करें, तो वरुण चक्रवर्ती ने खूब रन लुटाए हैं. उन्होंने इस दौरान 25 ओवर में 12 से ज्यादा की इकॉनमी से 304 रन खर्च किए हैं, जबकि सिर्फ 5 विकेट हासिल किए हैं. यह उनकी गेंदबाजी के लिहाज से काफी कमजोर आंकड़ा है.
पहले कैसा था प्रदर्शन
भारत बनाम साउथ अफ्रीका मैच से पहले वरुण चक्रवर्ती के आंकड़े काफी शानदार थे. वरुण ने उस मैच से पहले खेले गए 7 मुकाबलों में 24 ओवर गेंदबाजी की थी. इस दौरान उन्होंने 13 विकेट चटकाए. साथ ही इकॉनमी भी सिर्फ 7.08 की रही. इसी शानदार प्रदर्शन के चलते वह टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का अहम हिस्सा बने थे.
अटैक कर रहे बल्लेबाज
पिछले कुछ समय में देखा गया कि बल्लेबाजों ने वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ आसानी से रन बनाए हैं. विपक्षी टीम के बल्लेबाज शुरुआत से दबाव बनाने के लिए आक्रामक शॉट खेलते हैं, जिससे वरुण चक्रवर्ती बचने की कोशिश करने लगते हैं. इसका नतीजा यह होता है कि वह काफी महंगे साबित हो जाते हैं.
वरुण चक्रवर्ती का IPL 2026 में प्रदर्शन
IPL 2026 में वरुण चक्रवर्ती ने अभी तक 2 मैच खेले हैं, जिनमें 6 ओवर गेंदबाजी की है. इस दौरान उन्होंने 13.1 की इकॉनमी से 79 लुटाए हैं, जबकि कोई भी विकेट नहीं लिया.
कैसे होगा सुधार?
क्रिकेट एक्सपर्ट्स की मानें, तो वरुण चक्रवर्ती को अपनी मिस्ट्री स्पिन गेंदबाजी को बदलना होगा. टी20 क्रिकेट में मिस्ट्री स्पिन हमेशा नहीं बना रहता है. समय के साथ-साथ बल्लेबाज गेंदबाज की मिस्ट्री स्पिन को समझने लगते हैं. ऐसे में वरुण को भी अपनी मिस्ट्री स्पिन में सुधार करना होगा.
वरुण चक्रवर्ती का IPL करियर
वरुण चक्रवर्ती ने आईपीएल में अभी तक कुल 86 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान वरुण ने 7.68 की इकॉनमी से 100 विकेट हासिल किए हैं.
KKR की ओर से खेल रहे वरुण
वरुण चक्रवर्ती आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं. वह लंबे समय से इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं. साल 2024 में वरुण चक्रवर्ती ने केकेआर के लिए ट्रॉफी उठाई थी.