IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ T20I में किस भारतीय ने ठोके सबसे ज्यादा रन? ये 4 खिलाड़ी ले चुके संन्यास
IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के मैच हमेशा ही रोमांच से भरा होता है. रविवार (15 फरवरी) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. ऐसे में फैंस को एक थ्रिलर मैच की उम्मीद है. भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें इस महामुकाबले के लिए तैयार हैं. आखिरी बार एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला गया था. इस टूर्नामेंट में भारत ने 3 मैचों में लगातार पाकिस्तान को हराया था. अब एक बार दोनों टीमें बड़े मंच पर भिड़ने के लिए तैयार हैं. टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम पाकिस्तान के मुकाबले कहीं आगे हैं. अभी तक इस टूर्नामेंट में भारत-पाक के बीच कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 7 बार टीम इंडिया ने जीत हासिल की है. ऐसे में आइए जानते हैं कि भारत के किन खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. बता दें कि टॉप बल्लेबाजों में 4 खिलाड़ियों ने रिटायरमेंट ले लिया है. देखें लिस्ट…
विराट कोहली
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत-पाकिस्तान के मैचों में विराट कोहली ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. कोहली के नाम 11 मैचों में 492 रन दर्ज हैं. इस दौरान 5 अर्धशतक आए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा 82 रनों की पारी भी शामिल है. हालांकि अब विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट ले चुके हैं.
युवराज सिंह
भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आते हैं. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 8 मैचों में 155 रन बनाए हैं. इसमें 1 अर्धशतक शामिल है.
गौतम गंभीर
भारतीय टीम के हेड कोच और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर का नाम भी लिस्ट में शामिल हैं. गंभीर ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 27.80 के एवरेज से 139 रन बनाए हैं.
तिलक वर्मा
भारत की मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. उनके नाम पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों में 130 रन दर्ज हैं. उनका एवरेज भी 130 का रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 126.21 का है.
रोहित शर्मा
भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी इस लिस्ट में टॉप-5 में शामिल हैं. रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैचों में 11 पारियों में 127 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 30 का रहा है.
सूर्यकुमार यादव
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 112 रन आए हैं, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 47 रहा है.
अभिषेक शर्मा
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. उन्होंने पाक के खिलाफ सिर्फ 3 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें 189.65 के स्ट्राइक रेट से 110 रन बनाए हैं. इसमें एक अर्धशतक भी शामिल है.