IND vs PAK: टीम इंडिया सावधान! ये 5 पाकिस्तानी खिलाड़ी अकेले पलट सकते हैं मैच, जानें कैसा है रिकॉर्ड
India vs Pakistan: 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. यह इस टी20 वर्ल्ड कप के सबसे रोमांचक मुकाबला माना जा रहा है. जब भी ये दोनों टीमें मैदान पर आमने-सामने होती हैं, तो फैंस काफी ज्यादा उत्साहित हो जाते हैं. भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें इस महामुकाबले की तैयारियों में जुटी हुई हैं. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अपने शुरुआती 2 मुकाबलों में जीत हासिल की है. वहीं, पाकिस्तान भी अपने 2 मुकाबले जीत चुका है. अब ये दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी. वैसे तो इस मुकाबले में भारतीय टीम का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है, लेकिन पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ी टीम इंडिया को परेशान कर सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कौन हैं वे 5 खिलाड़ी…
उस्मान तारिक
पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को लेकर खूब विवाद चल रहा है. उनके गेंदबाजी एक्शन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. हालांकि भारत के खिलाफ 15 फरवरी को उस्मान का मैदान पर उतरना तय माना जा रहा है. उस्मान तारिक को पाकिस्तान के लिए तुरुप का इक्का बताया जा रहा है, जो भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान कर सकते हैं. उस्मान तारिक ने अमेरिका के खिलाफ पिछले मैच में 3 विकेट चटकाए थे. कोलंबो की पिच पर स्पिनर्स को ज्यादा मदद मिलेगी, जिससे उस्मान तारिक को खेलना मुश्किल हो जाएगा.
फखर जमां
पाकिस्तान के बाएं हाथ के बल्लेबाज फखर जमां के पास भारतीय टीम के खिलाफ खेलने का अच्छा-खासा अनुभव है. फखर जमां पाकिस्तान के मिडिल ऑर्डर की मजबूत कड़ी माने जाते हैं. भारत के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी काफी अच्छा रहा है. फखर जमां ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ शतक भी लगाया था, जो उनकी सबसे यादगार पारी मानी जाती है. हालांकि अभी तक इस विश्व कप के शुरुआती 2 मैचों में फखर को प्लेइंग-11 में मौका नहीं दिया गया है, लेकिन भारत के खिलाफ मैदान पर उतारा जा सकता है.
साहिबजादा फरहान
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने पिछले साल एशिया कप में भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था. इस विश्व कप में भी साहिबजादा शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं. साहिबजादा ने अपने पिछले मैच में यूएसए के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी. ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को साहिबजादा को जल्दी पवेलियन भेजने की जिम्मेदारी रहेगी.
शाहीन अफरीदी
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी पिछले कुछ समय से लय में नहीं दिखाई दे रहे हैं. हालांकि वह नई गेंद से किसी भी टीम के बल्लेबाजों को परेशानी कर सकते हैं. शाहीन अफरीदी पहले भी कई मौकों पर भारतीय टीम के परेशानी में डाल चुके हैं. साथ ही शाहीन के पास भारत के खिलाफ खेलने का अनुभव भी है. ऐसे में भारतीय टीम उन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकती है.
सैम अयूब
पाकिस्तान के ऑलराउंडर सैम अयूब ने भी टीम इंडिया के लिए बड़ा सिरदर्द बन सकते हैं. वह बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी भारत को परेशान करने की क्षमता रखते हैं. इस विश्व कप के पहले मुकाबले में ही सैम अयूब ने नीदरलैंड के खिलाफ बल्ले से 24 रन बनाए थे. साथ ही 2 विकेट भी चटकाए थे. सैम अयूब पाकिस्तान के लिए साहिबजादा के साथ ओपनिंग करते हैं. ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को सैम को जल्दी आउट कर पवेलियन भेजना होगा.
कब खेला जाएगा भारत-पाक मैच?
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को मैच खेला जाएगा. यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जिसके लिए आधे घंटे पहले टॉस होगा.
भारत-पाक का हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप में हेड टू हेड रिकॉर्ड में भारतीय टीम पाकिस्तान से कहीं आगे है. अभी तक दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप में 8 बार आमने-सामने आ चुके हैं. इस दौरान भारत ने 7 बार पाकिस्तान को हराया है, जबकि पाक सिर्फ 1 मैच जीत पाई है.