अभिषेक से लेकर हार्दिक तक… पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ‘धुरंधरों’ का कैसा है रिकॉर्ड, देखें आंकड़े
India vs Pakistan: 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाएगा. यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप का सबसे रोमांचक मुकाबला माना जा रहा है, जिसमें दो चिर-प्रतिद्वंदी आमने-सामने होंगे. भारत और पाकिस्तान का मैच सबसे बड़ी राइवलरी मानी जाती है, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ी अपना पूरा जोर लगाते हैं. आंकड़ों की मानें, तो भारतीय टीम पाकिस्तान के मुकाबले काफी ज्यादा मजबूत है. टीम इंडिया में कई ऐसे धुरंधर खिलाड़ी हैं, जो अकेले के दम पर मैच पलटने का दम रखते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि उन खिलाड़ियों के बारे में…
हार्दिक पांड्या
भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. वह भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं. हार्दिक ने अभी तक पाकिस्तान के खिलाफ कुल 9 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 8 पारियों में 15 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा 7 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 98 रन भी बनाए हैं.
तिलक वर्मा
भारत के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज तिलक वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 130 रन बनाए हैं. तिलक वर्मा भारत की मौजूदा वर्ल्ड कप स्क्वाड में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी. तिलक वर्मा बड़े मंच पर दबाव में प्रदर्शन करने के लिए जाने जाते हैं.
अभिषेक शर्मा
अगर अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में मैच खेलते हैं, तो वह अकेले के दम पर मुकाबले को एकतरफा बना सकते हैं. अभिषेक शर्मा ने अभी तक पाकिस्तान के खिलाफ 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 110 रन बनाए हैं. अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते है. वह पावरप्ले में ही गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ देते हैं.
ईशान किशन
भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. हालांकि अभी तक ईशान ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म पाकिस्तान के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है. ईशान किशन ने अपने पिछले मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ सिर्फ 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था.
कुलदीप यादव
भारत के 'चाइनामैन' कुलदीप यादव का पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन रिकॉर्ड है. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 6.58 की इकॉनमी से 8 विकेट हासिल किए हैं. कुलदीप इस मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं.
वरुण चक्रवर्ती
वरुण चक्रवर्ती इस समय दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज हैं. उनकी मिस्ट्री स्पिन गेंदबाजी के सामने दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाज परेशान हो जाते हैं. हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है, लेकिन कोलंबो की टर्निंग पिच पर वरुण पाकिस्तानी बल्लेबाजों को अपने चक्रव्यूह में फंसा सकते हैं. वरुण ने पाकिस्तान के खिलाफ 4 मैचों में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं.
जसप्रीत बुमराह
भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का बड़ा हथियार हैं. उन्होंने अभी तक पाकिस्तान के खिलाफ 7 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 9 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान उनकी इकॉनमी सिर्फ 6.91 की रही है.
अर्शदीप सिंह
भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने पाक के खिलाफ 4 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 7 विकेट चटकाए हैं. ऐसा कभी नहीं हुआ है, जब उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में पाकिस्तान के खिलाफ कोई विकेट न चटकाया हो. हालांकि शायद अर्शदीप सिंह को पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में खेलने का मौका न मिले.