IND vs WI: वेस्टइंडीज के 6 ‘घातक’ कैरेबियाई खिलाड़ी, जो टीम इंडिया के मुंह से छीन सकते हैं जीत, एक ले चुका हैट्रिक
India vs West Indies: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल से पहले ही नॉकआउट का दौर शुरू हो गया है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 1 मार्च को ‘वर्चुअल क्वार्टरफाइनल’ खेला जाएगा. यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर होगी. इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी. वहीं, हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा. यह मौजूदा विश्व कप के सुपर-8 का आखिरी मैच होगा. ऐसे में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम पूरी तैयारियों के साथ मैदान पर उतरेगी. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में वेस्टइंडीज का भारत के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड है. इसके अलावा वेस्टइंडीज की टीम अभी तक ईडन गार्डन्स के मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप का कोई मैच नहीं गंवाया है. हालांकि इस बार परिस्थितियां अलग होंगी. कोच गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव की टीम रणनीतिक तैयारियों के साथ आर-पार की लड़ाई के लिए मैदान पर उतरेगी. वेस्टइंडीज के कई खिलाड़ी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, जो अकेले के दम पर भारत के मुंह से जीत छीन सकते हैं. ऐसे में सूर्या की टीम को इन खतरनाक खिलाड़ियों से बचकर रहना होगा. जानें कौन हैं वे खिलाड़ी…
शिमरन हेटमायर
वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज शिमरन हेटमायर इस टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. हेटमायर मौजूदा विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज हैं. उन्होंने 6 पारियों में 182.64 के स्ट्राइक रेट से 221 रन बनाए हैं. इस दौरान हेटमायर के बल्ले से 2 अर्धशतक आए हैं. इसके अलावा हेटमायर वेस्टइंडीज के लिए भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. उन्होंने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 18 पारियों में 395 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतक आए हैं.
शाई होप
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी टीम की ओर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. शाई होप ने इस टूर्नामेंट में 6 पारियों में 139 के स्ट्राइक रेट से 185 रन बनाए हैं. इस दौरान शाई होप के बल्ले से 2 अर्धशतक आए हैं.
रोमारियो शेफर्ड
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं. मौजूदा विश्व कप में रोमारियो शेफर्ड हैट्रिक भी ले चुके हैं. उन्होंने अभी तक इस टूर्नामेंट में 4 मैचों की 3 पारियों में 6 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा रोमारियो बल्ले से भी वेस्टइंडीज के लिए धमाल मचा रहे हैं. पिछले मुकाबले में ही रोमारियो ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी रोमारियो शेफर्ड के बल्ले से 4 मैचों में 80 रन आए हैं.
शेरफेन रदरफोर्ड
वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड भी इस समय जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं. रदरफोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 5 पारियों में 181.72 के स्ट्राइक रेट 169 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से अभी तक 1 अर्धशतक भी आया है. शेरफेन रदरफोर्ड भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान कर सकते हैं.
जेसन होल्डर
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने इस टूर्नामेंट में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है. जेसन होल्डर ने 6 मैचों में 8.73 की इकॉनमी से 8 विकेट चटकाए हैं. साथ ही बल्ले से 104 रन भी बनाए हैं. जेसन होल्डर ने पिछले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार पारी खेली थी.
गुडाकेश मोती
स्पिनर गुडाकेश मोती ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं. मोती ने इस टूर्नामेंट में 6 मैचों में 7.75 की इकॉनमी से 10 विकेट चटकाए हैं.
कब-कहां खेला जाएगा मैच?
भारत बनाम वेस्टइंडीज का मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. इस मुकाबले की शुरुआत शाम 7 बजे होगी, जिसके लिए आधे घंटे पहले यानी 6:30 बजे टॉस होगा.