बैट के साथ डिग्री भी… भारतीय क्रिकेट के कई धुरंधर खिलाड़ी हैं ‘डॉक्टर’, धोनी-रोहित समेत ये दिग्गज लिस्ट में शामिल
Indian Cricketers Doctorate Degree: भारतीय क्रिकेट टीम के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने मैदान पर बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं. सचिन तेंदुलकर से लेकर पूर्व कप्तान एमएस धोनी जैसे बड़े स्टार खिलाड़ियों ने विरोधी टीमों की हालत खराब की है. भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने में इन खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा है. दुनिया भर के लाखों फैंस इन दिग्गज खिलाड़ियों को अपना आदर्श मानते हैं. हालांकि इनमें से काफी कम लोगों का पता होगा कि सचिन तेंदुलकर से लेकर एमएस धोनी समेत कई बड़े खिलाड़ी ‘डॉक्टर’ भी हैं. दरअसल, इन खिलाड़ियों को खेल में उनके अहम योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) की उपाधि से सम्मानित किए गए हैं. हाल ही में रोहित शर्मा को मानद डॉक्टरेट की उपाधि मिली है. इससे पहले भी कई बड़े खिलाड़ियों को डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है. ऐसे में आइए जानते हैं कौन हैं वे खिलाड़ी…
रोहित शर्मा
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज 'हिटमैन' रोहित शर्मा को हाल ही में मानद डॉक्टरेट (डी. लिट.) की उपाधि से सम्मानित किया गया है. रोहित शर्मा को यह सम्मान पुणे की अजिंक्य डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी द्वारा दिया गया है. बता दें कि रोहित शर्मा अभी भारत के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं.
सचिन तेंदुलकर
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है. क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को मैसूर विश्वविद्यालय की ओर से मानद डॉक्टरेट की उपाधि देने की घोषणा की थी. हालांकि सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के दौरान कई बार इन उपाधियों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था.
महेंद्र सिंह धोनी
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम भी लिस्ट में शामिल है. साल 2011 में एमएस धोनी को इंग्लैंड की डी मोंटफोर्ट यूनिवर्सिटी (De Montfort University) द्वारा 'डॉक्टर ऑफ लेटर्स' की मानद उपाधि से सम्मानित किया था.
सुनील गावस्कर
दुनिया के महान बल्लेबाजों में शुमार पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर को भी डॉक्टरेट की उपाधि दी जा चुकी है. कर्नाटक विश्वविद्यालय ने गावस्कर को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया था. इसके अलावा अन्य कई यूनिवर्सिटी से भी सुनील गावस्कर को डॉक्टर की उपाधि मिली है.
सौरव गांगुली
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का नाम भी इस खास लिस्ट में शामिल है. गांगुली को बंगाल इंजीनियरिंग एंड साइंस यूनिवर्सिटी की ओर से 'डॉक्टर ऑफ लेटर्स' (D. Litt.) की मानद उपाधि मिली थी. इसके अलावा असम यूनिवर्सिटी से भी उन्हें डॉक्टरेट की डिग्री मिल चुकी है.
वीवीएस लक्ष्मण
भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को भी डॉक्टरेट की डिग्री मिल चुकी है. वीवीएस लक्ष्मण को TERI यूनिवर्सिटी द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया था. वीवीएस लक्ष्मण मौजूदा समय में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हेड हैं.
सुरेश रैना
भारत के पूर्व स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना के पास भी डॉक्टरेट डिग्री है. रैना को चेन्नई की VELS यूनिवर्सिटी ने मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया था. सुरेश रैना को Mr. IPL के नाम से भी जाना जाता है, जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़ा योगदान दिया है.
आविष्कार साल्वी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आविष्कार साल्वी एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने पढ़ाई के जरिए डॉक्टरेट की डिग्री हासिल की है. आविष्कार साल्वी ने एस्ट्रोफिजिक्स में PHD की थी, जिसके बाद उन्हें डॉक्टरेट की डिग्री मिली. हालांकि साल्वी का इंटरनेशनल करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा. उन्होंने भारत के लिए सिर्फ 4 वनडे मुकाबले खेले.