भारत के 7 ‘धुरंधर’ खिलाड़ी, जिन्हें सेलेक्टर्स ने T20 वर्ल्ड कप से नकारा… अब वही IPL में करेंगे कप्तानी
IPL 2026 Captains: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, जिसमें 10 टीमें 2 महीने तक एक-दूसरे से ट्रॉफी के लिए मुकाबला करेंगे. इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब सभी 10 टीमों की कमान स्वदेशी कप्तानों के हाथों में होगी. इस टूर्नामेंट में कई ऐसे खिलाड़ी भी टीम की कमान संभालते नजर आएंगे, जिन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 से इग्नोर कर दिया गया था. अब वे सभी खिलाड़ी IPL 2026 में अपनी-अपनी टीम की कप्तानी करते दिखाई देंगे. ऐसे में आइए जानते हैं कौन हैं वे ‘धुरंधर’ खिलाड़ी…
श्रेयस अय्यर
भारत के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर IPL 2026 में पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे. पिछले कुछ सालों में अय्यर ने IPL में बतौर खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन किया था. साथ ही अपनी कप्तानी से भी काफी ज्यादा प्रभावित किया है. श्रेयस अय्यर ने साल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को IPL का खिताब दिलाया. इसके बाद IPL 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया. इसके बावजूद श्रेयस अय्यर को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का प्लान में शामिल नहीं किया गया.
शुभमन गिल
टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल IPL 2026 में गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते दिखाई देंगे. पिछले साल शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था. शुभमन गिल बतौर खिलाड़ी भी हर साल टीम के लिए लगातार रन बना रहे हैं. वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के टी20 टीम के उप-कप्तान भी थे. इसके बावजूद शुभमन गिल को वर्ल्ड कप स्क्वाड से बाहर कर दिया गया था.
रजत पाटीदार
रजत पाटीदार ने पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खिताब दिलाकर इतिहास रचा था. पाटीदार की कप्तानी में RCB ने ट्रॉफी उठाई, जो पिछले 18 सालों में विराट कोहली, केविन पीटरसन जैसे दिग्गज कप्तान भी नहीं कर पाए. कप्तानी के अलावा रजत पाटीदार ने अपनी बल्लेबाजी से भी शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन फिर भी वह भारत के टी20 वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा नहीं थे.
ऋतुराज गायकवाड़
ऋतुराज गायकवाड़ एक बार फिर IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी करते नजर आएंगे. गायकवाड़ ने पिछले कुछ सालों में IPL में शानदार प्रदर्शन किया है. इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल में भी गायकवाड़ का अच्छा रिकॉर्ड है. हालांकि फिर भी वह भारत के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में अपनी जगह बनाने में नाकाम रहे.
ऋषभ पंत
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कमान संभालेंगे. टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह पक्की करने वाले पंत भारत के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में अपनी जगह नहीं बना पाए थे, जबकि वे 2024 में विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे.
रियान पराग
संजू सैमसन के CSK में जाने के बाद रियान पराग IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते दिखाई देंगे. रियान पराग ने पिछले कुछ सालों में अपनी बल्लेबाज और गेंदबाजी में काफी सुधार किया है. माना जा रहा था कि वह भारत के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में अपनी जगह बना लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया था. रियान पराग भारत के टी20 वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा नहीं थे.
अजिंक्य रहाणे
अजिंक्य रहाणे IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की कमान संभालेंगे. अजिंक्य रहाणे की उम्र 37 साल ज्यादा हो गई है, जिसके चलते वह भारत के टी20 वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा नहीं थे. हालांकि वह एक बार फिर IPL में KKR की कप्तानी करने के लिए तैयार हैं.
भारत ने जीता टी20 वर्ल्ड कप
इन सभी खिलाड़ियों के न होने के बावजूद भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब हासिल किया. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई.