Women’s Day 2026: डिलीवरी के बाद महिलाओं के लिए वरदान हैं ये योग, नियमित अभ्यास से शरीर को मिलेगी नई पहचान!
International Women’s Day 2026: आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है, यानी उस महिला का दिन, जो 206 हड्डियों के टूटने का दर्द सहकर नई जिंदगी को दुनिया में लाती है. हालांकि, एक नन्हीं सी जान को दुनिया में लाने के लिए उसे शारीरिक परिवर्तन से लेकर कई बड़ी-बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. एंग्जाइटी भी ऐसी ही गंभीर परेशानियों में शामिल है. इससे निजात पाने के लिए लोग तमाम महंगी दवाओं का सेवन करते हैं, लेकिन कुछ योग अधिक असरदार हो सकते हैं. खास बात यह है कि हमारा योग न्यू मॉम यानी मातृत्व सुख पाने वाली महिलाओं के लिए वरदान है. समस्या का समाधान योग में निहित है. वास्तव में देखें तो महिला दिवस के लिए यह एक बेहतरीन तोहफे की तरह है. दिल्ली के योगा ट्रेनर शशांक गुप्ता ने न्यू मॉम के लिए बताए लाभदायी योगासन.
डिलीवरी के बाद में तेजी से आता है बदलाव
एक्सपर्ट कहते हैं कि, मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे खूबसूरत और खास अनुभव होता है. हालांकि, प्रसव के बाद शरीर में कई बदलाव आते हैं. इनमें शारीरिक थकान, हार्मोनल उतार-चढ़ाव, मानसिक तनाव और शारीरिक कमजोरी के साथ तेजी से बढ़ता वजन भी होता है. इन समस्याओं को बाय-बाय करने और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योगासन प्रभावशाली उपाय है.
बॉडी चेंजेस के वक्त तंदुरुस्ती का रखें ख्याल
योगा ट्रेनर बताते हैं कि, प्रसव के बाद महिलाओं का वजन बढ़ जाता है, तो इस वजह से उनके मन में एक तरह की एंग्जाइटी आ जाती है और दूसरी तरफ नई जिम्मेदारी को लेकर उन पर भावनात्मक दबाव होता है. तो सबसे जरूरी है कि वे अपने मानसिक और शारीरिक तंदुरुस्ती का ख्याल रखें.
प्रसव के 4 महीने बाद के योग
प्रसव के कम से कम चार महीने बाद हैवी योगासन को अपनाना चाहिए. शुरुआत में ध्यान, प्राणायाम, अनुलोम विलोम, भ्रामरी हैं, जिनसे उन्हें बहुत मदद मिलती है. इसके अलावा आरामदेह प्राणायाम और आसन- जैसे श्वासन, शशांक आसन, पश्चिमोत्तन आसन, जानु शिर्षासन ये सब मदद करते हैं.
वजन घटाने के लिए योग
बात वजन घटाने की आती है, तो खान-पान पर ध्यान देने के साथ ही उन्हें तितली आसन, चक्की चालन आसन, भुजंगासन, सेतुबंधासन, उत्कटासन आदि करने चाहिए.
चेहरे पर चमक के लिए योग
भुजंगासन महिलाओं के लिए बेस्ट आसनों में से एक है. इससे शरीर के ऊपरी भागों में खिंचाव होता है और चेहरे पर चमक भी आती है. ब्रेस्टफीडिंग में आने वाली समस्याओं में इससे राहत मिलती है. धनुरासन से वजन घटता है, जिससे मोटापा कम होता है. यह आसन भी शरीर को स्ट्रेच करने में मददगार है.
शरीर के निचले हिस्से में लाभ
सेतुबंधासन शरीर के निचले हिस्सों के लिए फायदेमंद होता है. फिर भी उम्र और सेहत को ध्यान में रखकर किसी योग विशेषज्ञ से सलाह जरूर लेनी चाहिए.