IPL 2026: बुमराह अकेले नहीं… IPL 2026 में इन गेंदबाजों का निकला दम, 1 विकेट को भी तरसे
IPL 2026 Flop Bowlers: IPL 2026 को शुरू हुए 10 दिन से ज्यादा कम समय हो गया है. सभी 10 टीमों ने 2-3 से ज्यादा मुकाबले खेल लिए हैं. इस सीजन अभी तक कुल 15 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इस टूर्नामेंट का 16वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर शाम 7:30 बजे शुरू होगा. इस रोमांचक मुकाबले से पहले एक ऐसा आंकड़ा सामने आया है, जिसे देख हर कोई हैरान रह गया है. दरअसल, IPL 2026 में भारतीय टीम के कई स्टार गेंदबाज खेल रहे हैं, जिनमें जसप्रीत बुमराह से लेकर वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह जैसे वर्ल्ड चैंपियन शामिल हैं. इसके बावजूद 5 ऐसे चैंपियन गेंदबाज हैं, जो इस लीग में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं. इस लिस्ट में दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम भी शामिल है. उनके अलावा भी कई ऐसे गेंदबाज हैं, जो IPL 2026 में एक विकेट लेने के लिए भी तरस गए हैं. जानें कौन हैं वो स्टार गेंदबाज…
जसप्रीत बुमराह
मुंबई इंडियंस के सबसे खतरनाक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अभी तक इस टूर्नामेंट में अपना खाता भी नहीं खोल पाए हैं. बुमराह ने अभी तक इस सीजन मुंबई के लिए कुल 3 मैच खेले हैं, जिस दौरान उन्होंने कुल 11 ओवर डाले हैं, लेकिन एक भी विकेट नहीं ले पाए. साथ ही उनकी इकॉनमी भी 8 की रही.
ट्रेंट बोल्ट
न्यूजीलैंड के स्टार तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 में 2 मैच खेल चुके हैं, लेकिन एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं. बोल्ट ने 2 मैचों में सिर्फ 5 ओवर डाले हैं, जिनमें 12.00 की इकॉनमी से 60 रन दिए हैं.
अर्शदीप सिंह
इस लिस्ट में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह का भी नाम शामिल है. अर्शदीप सिंह ने पंजाब किंग्स के लिए अभी तक 3 मैच खेले हैं, लेकिन उनका भी खाता नहीं खुला है. अर्शदीप सिंह इस सीजन 3 मैचों में 60 गेंदें फेंक चुके हैं, जिनमें 9.90 की इकॉनमी से रन लुटाए हैं.
वरुण चक्रवर्ती
दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती भी अपने खराब दौर से गुजर रहे हैं. उन्होंने IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कुल 2 मैच खेले हैं, जिनमें 6 ओवरों में 13.17 की इकॉनमी से रन लुटाए हैं. इस दौरान उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला.
हर्षल पटेल
सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. उन्होंने IPL 2026 में अभी तक SRH के लिए कुल 2 मैच खेल चुके हैं, लेकिन विकेटों का खाता नहीं खोल पाए हैं. हर्षल पटेल ने अभी तक कुल 5.4 ओवर डाले हैं, जिनमें 9.71 की इकॉनमी से 55 रन खर्च किए हैं. बता दें कि हर्षल पटेल आईपीएल में 2 बार पर्पल कैप जीत चुके हैं.
किन गेंदबाजों ने चटकाए ज्यादा विकेट?
IPL 2026 में अभी तक राजस्थान रॉयल्स के स्टार स्पिनर रवि बिश्नोई ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं. रवि बिश्नोई ने 3 मैचों में 7 विकेट चटकाए हैं.
टॉप-3 की लिस्ट में कौन से गेंदबाज?
IPL 2026 में टॉप-3 गेंदबाजों की बात करें, तो रवि बिश्नोई के बाद प्रसिद्ध कृष्णा का नाम आता है. प्रसिद्ध ने 3 मैचों में 6 विकेट चटकाए हैं. वहीं, तीसरे नंबर पर राशिद खान हैं, जिन्होंने 3 मैचों में 5 विकेट लिए हैं.
प्वाइंट्स टेबल का क्या हाल?
IPL 2026 के प्वाइंट्स टेबल की बात करें, तो राजस्थान रॉयल्स की टीम 3 मैचों में लगातार 3 जीत के साथ पहले नंबर पर है. इसके बाद दूसरे नंबर पर पंजाब किंग्स है, जिन्होंने 2 मैच जीते हैं, जबकि 1 मुकाबला बेनतीजा रहा. वहीं, तीसरे नंबर पर डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी है. आरसीबी ने 2 मैचों में दो जीत हासिल की है.